संभल के नरौली नगर पंचायत में तीन सभासदों ने ली शपथ,
जनपद संभल के नरौली नगर पंचायत में सरकार की मंशा के अनुरूप तीन सभासदों को पद एवं गोपनीयता की सोमवार शाम 4:00 बजे के करीब शपथ दिलाई गई।
शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश की माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री गुलाब देवी मौजूद रहीं।
कार्यक्रम के दौरान उप जिलाधिकारी चंदौसी आशुतोष तिवारी ने नव-निर्वाचित सभासदों को शपथ दिलाई। इस मौके पर मंत्री गुलाब देवी ने सभी सभासदों को बधाई देते हुए पद की गरिमा बनाए रखने और जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सरकार क्षेत्र में विकास और विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है और जनप्रतिनिधियों की भूमिका इसमें बेहद महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के दौरान मंत्री गुलाब देवी को विशाल पुष्पमाला और गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस आयोजन का संचालन नरौली नगर पंचायत अध्यक्ष विटटन मलिक की ओर से किया गया। समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।