logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

भाजपा का स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया

मिर्जापुर (पड़री /पहाड़ी ):- भारतीय जनता पार्टी का 46वां स्थापना दिवस सोमवार को जिलेभर में उत्साह और भव्यता के साथ मनाया गया। शीर्ष नेतृत्व के निर्देशानुसार जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज की अध्यक्षता में जिला, मंडल एवं बूथ स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।

जिला कार्यालय को आकर्षक ढंग से सजाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुंदरकांड पाठ से हुई, जिसके बाद स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में संगोष्ठी आयोजित की गई।

संगोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता पूर्व जिलाध्यक्ष गंगासागर दूबे ने जनसंघ से लेकर भाजपा तक की राजनीतिक यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि 6 अप्रैल 1980 को स्थापित भाजपा आज देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है, जिसकी विचारधारा राष्ट्रवाद और एकात्म मानववाद पर आधारित है।

उन्होंने कहा कि 1947 में आजादी के साथ हुआ देश का विभाजन राष्ट्रवाद की समुचित समझ के अभाव का परिणाम था। लोकतंत्र की रक्षा के उद्देश्य से डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने 1951 में भारतीय जनसंघ की स्थापना की। आपातकाल (1975) के दौरान कार्यकर्ताओं ने संघर्ष करते हुए लोकतंत्र की पुनर्स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को याद करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया और उनके कार्यकाल में गरीबों व किसानों के हित में कई योजनाएं लागू की गईं।

कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष एवं संयोजक गौरव ऊमर ने किया। इस अवसर पर मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, नगर विधायक रत्नाकर मिश्रा, मझवां विधायक शुचिस्मिता मौर्या, पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज जायसवाल, उत्तर कुमार मौर्य, बालेन्दु मणि त्रिपाठी, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष जगदीश सिंह पटेल, जिला उपाध्यक्ष शरदिन्दुमणि त्रिपाठी, जिला मीडिया प्रभारी पं. भावेश शर्मा, कार्यालय मंत्री मनोज दूबे सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

32
941 views

Comment