महिला ने फांसी लगाई, हत्या का आरोप
मायके पक्ष का आरोप—दहेज में बाइक की मांग को लेकर करते थे प्रताड़ित
शाहजहांपुर।
हद्दफ चौकी क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला का शव घर में फंदे से लटका मिला। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या मान रही है, जबकि मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाते हुए दहेज उत्पीड़न की बात कही है।
मृतका की पहचान हुमैरा के रूप में हुई है। वह अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गई है। लखीमपुर खीरी के मैंगलगंज थाना क्षेत्र निवासी मृतका के भाई मुख्तार अहमद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि हुमैरा की शादी करीब 11 वर्ष पहले साजिद के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज में बाइक की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित कर रहा था।
तहरीर के अनुसार, ससुराल वाले अक्सर हुमैरा के साथ मारपीट करते थे और कई बार उसे घर से निकाल देते थे। रविवार दोपहर पड़ोसियों ने मायके पक्ष को सूचना दी कि हुमैरा के साथ मारपीट हुई है और उसे अस्पताल ले जाया जा रहा है। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने घर के अंदर हुमैरा का शव फंदे से लटका पाया। घर पर ससुराल पक्ष का कोई सदस्य मौजूद नहीं था और उनके मोबाइल फोन भी बंद मिले।
स्थानीय लोगों के मुताबिक घटना के बाद से ही आरोपी घर छोड़कर फरार हैं। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। परिजनों ने आरोपितों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी बृजेश सिंह ने बताया कि महिला द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने की जानकारी मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।