डीएम ने पोस्टमार्टम हाउस का निरीक्षण, 15 दिन में सुधार के निर्देश
शाहजहांपुर।
जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने सोमवार को आधुनिक पोस्टमार्टम हाउस का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि यहां आने वाले शोकाकुल परिवारों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी आवश्यक सुविधाएं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जाएं।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने परिसर में छाया, पेयजल और बैठने की व्यवस्था की स्थिति देखी। उन्होंने पेयजल स्थल पर स्पष्ट सूचना अंकित करने, पर्याप्त छाया की व्यवस्था करने और परिसर में टाइल्स लगवाने के निर्देश दिए। साथ ही, बैठने के लिए शेड निर्माण और कुर्सियों की व्यवस्था प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने को कहा।
डीएम ने कहा कि पोस्टमार्टम हाउस आने वाले लोग पहले से ही दुखद परिस्थितियों में होते हैं, इसलिए उनके लिए मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं 15 दिनों के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा शवों के सुरक्षित संरक्षण के लिए फ्रीजर की व्यवस्था कराने के भी निर्देश दिए गए। डीएम ने स्पष्ट किया कि 15 दिन बाद दोबारा निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की जाएगी और लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने पुलिस विभाग को भी निर्देशित किया कि कार्यवाही के दौरान व्यवस्थाओं का समुचित ध्यान रखा जाए, ताकि परिजनों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।