logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

रोजा मंडी में अव्यवस्था पर भड़के विधायक, माफिया को दी चेतावनी कैमरे बंद और बारदाना नदारद, दो दिन में सुधार के निर्देश

शाहजहांपुर।
ददरौल विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक अरविंद सिंह ने सोमवार को रोजा मंडी का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान मंडी में कई गंभीर खामियां सामने आईं, जिस पर विधायक का पारा चढ़ गया। उन्होंने साफ शब्दों में अधिकारियों को चेतावनी दी कि यदि मंडी में किसी भी प्रकार का माफिया सक्रिय पाया गया तो उसे सीधे जेल भेजा जाएगा।

मंडी पहुंचते ही विधायक ने सबसे पहले आरएफसी के गेहूं क्रय केंद्र का जायजा लिया। यहां उन्हें खरीद प्रक्रिया ठप मिली। मौके पर मौजूद क्षेत्रीय विपणन अधिकारी अशोक कुमार यादव ने बताया कि गेहूं में नमी अधिक होने और बारदाना (बोरे) उपलब्ध न होने के कारण खरीद शुरू नहीं हो सकी है। इस पर विधायक ने नाराजगी जताते हुए तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों से समन्वय कर बारदाना उपलब्ध कराने और खरीद प्रक्रिया शुरू कराने के निर्देश दिए।

सीसीटीवी बंद मिलने पर जताई कड़ी नाराजगी
निरीक्षण के दौरान मंडी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे बंद मिले। यहां तक कि मुख्य गेट पर लगे कैमरे भी काम नहीं कर रहे थे। इस पर विधायक ने मंडी इंस्पेक्टर अभिषेक सिंह को फटकार लगाते हुए दो दिन के भीतर सभी कैमरे चालू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कैमरों के बिना मंडी की निगरानी संभव नहीं है और इससे अनियमितताओं को बढ़ावा मिलता है।

इसके बाद विधायक ने मंडी सचिव कार्यालय पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज भी देखे, जहां व्यवस्थाओं की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। उन्होंने गेट नंबर एक पर लगे कैमरे को तत्काल ठीक कराने का आदेश दिया, ताकि मंडी में आने वाले गेहूं से लदे वाहनों के नंबर स्पष्ट रूप से दर्ज हो सकें।

अन्य क्षेत्रों में क्रय केंद्र खोलने की मांग
विधायक ने एडीएम प्रशासन रजनीश मिश्रा से मोबाइल पर वार्ता कर मदनापुर, बंडा समेत अन्य क्षेत्रों में भी गेहूं क्रय केंद्र खोले जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि सीमित केंद्र होने के कारण किसानों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे उन्हें परेशानी होती है।

किसानों की समस्या समाधान पहली प्राथमिकता
निरीक्षण के दौरान विधायक ने कांटा नंबर एक पर जाकर गेहूं की आवक का रिकॉर्ड भी कंप्यूटर पर चेक किया। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी और मंडी में मिली सभी खामियों को जल्द से जल्द दूर किया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि व्यवस्थाएं समय से सुधारी जाएं, अन्यथा कार्रवाई के लिए तैयार रहें।

0
0 views

Comment