logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

एक सप्ताह में कराएं पीएनजी कनेक्शन का पंजीकरण, नहीं तो बंद होगी गैस सप्लाई डीएम के सख्त निर्देश: होटल-रेस्टोरेंट और ढाबों को तुरंत जोड़ें पाइपलाइन गैस

शाहजहांपुर।
जनपद में घर-घर पाइपलाइन गैस (पीएनजी) कनेक्शन उपलब्ध कराने को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह सख्त हो गया है। सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) नेटवर्क के विस्तार को लेकर जनपद स्तरीय समिति की बैठक हुई। इसमें संबंधित विभागों और एजेंसियों को भूमिगत पाइपलाइन बिछाने और पीएनजी कनेक्शन वितरण में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने साफ कहा कि जिन क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछ चुकी है, वहां संचालित होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालक एक सप्ताह के भीतर पीएनजी कनेक्शन के लिए पंजीकरण कराएं। तय समयसीमा में पंजीकरण न कराने वाले प्रतिष्ठानों की व्यावसायिक एलपीजी गैस आपूर्ति बंद की जा सकती है।

बैठक में बताया गया कि हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के माध्यम से जनपद में सीजीडी नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को पाइपलाइन गैस सुविधा से जोड़ा जा सके। नगर निगम क्षेत्र के बड़े होटल और रेस्टोरेंट, जहां पाइपलाइन उपलब्ध है, उन्हें तत्काल पीएनजी कनेक्शन लेकर गैस सप्लाई शुरू करने के निर्देश दिए गए। वहीं मेडिकल कॉलेज में भी जल्द पीएनजी कनेक्शन चालू कराने को कहा गया।

डीएम ने पूर्ति निरीक्षक और खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की संयुक्त टीम बनाकर रोजाना अधिक से अधिक प्रतिष्ठानों को पीएनजी से जोड़ने के निर्देश दिए। साथ ही घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

प्रशासन की ओर से पीएनजी कनेक्शन के लिए हेल्पलाइन नंबर 8765177544 और 18002706720 जारी किए गए हैं। उपभोक्ता इन नंबरों पर संपर्क कर पंजीकरण संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा ऑनलाइन लिंक और क्यूआर कोड के माध्यम से भी आवेदन की सुविधा उपलब्ध है।

जनपद के कांट नगर, पिपरौला, जमौर, टीचर्स कॉलोनी, गीता पुरम, गार्डेन स्टेट, साउथ सिटी, आवास विकास, काशीराम कॉलोनी, वृंदावन गार्डन, नवादा, बालाजी नगर, सिटी पार्क, लोधीपुर, रेती, नई बस्ती, बसंत बिहार, रौजा पावर टाउनशिप और कृभको नगर समेत कई क्षेत्रों में पीएनजी पाइपलाइन पहले ही बिछाई जा चुकी है। बैठक में नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी समेत अन्य अधिकारी और होटल-रेस्टोरेंट संचालक मौजूद रहे।

1
188 views

Comment