logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

मंत्री के संभावित दौरे से पहले सफाई में तेजी, पंचायत पदाधिकारियों में कार्रवाई का भय :-




- - - - - - मुख्य मार्गों पर चला अभियान, अंदरूनी मोहल्लों में अब भी बदहाल हालात - - -

मोहनगढ़(जैसलमेर) - कस्बे में बिगड़ी सफाई व्यवस्था अब पंचायत पदाधिकारियों के लिए चिंता का विषय बनती जा रही है। जैसलमेर के संभावित दौरे को लेकर पंचायती राज व शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के सख्त रुख और प्रदेशभर में सफाई को लेकर हो रही कार्रवाई की खबरों ने स्थानीय प्रशासन में हलचल बढ़ा दी है। मुख्य बाजार से लेकर विभिन्न मोहल्लों तक कचरे के ढेर और गंदगी से परेशान आमजन लंबे समय से राहत की मांग कर रहे थे, लेकिन अब मंत्री के संभावित जैसलमेर दौरे की चर्चाओं के बीच पंचायत स्तर पर सफाई अभियान ने गति पकड़ ली है। पंचायत समिति के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने ग्राम पंचायत क्षेत्रों में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। इसी क्रम में पंचायत समिति मुख्यालय मोहनगढ़ में पिछले दो दिनों से विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने वाली रोड़, श्मशान घाट मार्ग और लोहिया पाड़ा तक सफाई करवाई जा रही है। ग्राम विकास अधिकारी बुधराज मीणा स्वयं मौके पर मौजूद रहकर कार्य की निगरानी कर रहे हैं। मुख्य सड़कों और आम रास्तों से कचरा हटाया जा रहा है तथा नालियों की सफाई की जा रही है। हालांकि, कस्बे के अंदरूनी इलाकों की स्थिति अब भी चिंताजनक बनी हुई है। कई मोहल्लों में कचरे के ढेर लगे हुए हैं, नालियां गंदगी से अटी पड़ी हैं और गलियों में गंदा पानी जमा है। इससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ने लगा है, जिससे बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है। ग्राम विकास अधिकारी बुधराज मीणा ने बताया कि पूर्व में सफाई का जिम्मा संभाल रही फर्म को कार्य में लापरवाही के चलते ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है। नए वित्तीय वर्ष में नई व्यवस्था के तहत सफाई कार्य शुरू किया गया है और जल्द ही पूरे कस्बे में नियमित व बेहतर सफाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रदेशभर में हाल ही में प्रकाशित खबरों में भी सामने आया है कि जहां-जहां मंत्री ने दौरे के दौरान सफाई व्यवस्था में खामियां पाई हैं, वहां संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। ऐसे में मोहनगढ़ सहित अन्य पंचायत क्षेत्रों में भी पदाधिकारियों में कार्रवाई का भय साफ नजर आ रहा है, जिसके चलते अब सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

0
0 views

Comment