अम्बेडकर नगर का गौरव बना दान बहादुर, सूर्य कुमार इंटर कॉलेज
रिपोर्ट: ओमप्रकाश सिंह, मीडिया प्रभारी, भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ, आजमगढ़
व अम्बेडकर नगर जिला संगठन मंत्री रामबूझ दूबे
आजमगढ/अम्बेडकर नगर: भियांव ब्लॉक के बन्दीपुर बाजार के निकट स्थित दान बहादुर, सूर्य कुमार इंटर कॉलेज आज शिक्षा, अनुशासन और उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के कारण पूरे क्षेत्र में एक विशिष्ट पहचान बना चुका है। हरे-भरे प्राकृतिक वातावरण में स्थित इस विद्यालय की भव्य एवं आकर्षक इमारत, हरियाली से भरपूर लान, आम सहित विभिन्न फलदार वृक्षों से आच्छादित मैदान विद्यालय की सुंदरता को और भी आकर्षक बनाते हैं।
विद्यालय का संचालन दान बहादुर शिक्षण सेवा द्वारा किया जा रहा है, जिसके प्रबंधक श्री जयप्रकाश सिंह हैं। उनके कुशल मार्गदर्शन में यह संस्थान निरंतर प्रगति की राह पर अग्रसर है। इंटर कॉलेज के प्राचार्य श्री आलोक सिंह तथा नर्सरी के प्रमुख श्री अतुल सिंह विद्यालय की शैक्षिक व्यवस्था को सुव्यवस्थित और आधुनिक ढंग से संचालित कर रहे हैं।
विद्यालय की स्वच्छता और अनुकरणीय व्यवस्थाओं के कारण वर्ष 2022 में जिलाधिकारी अम्बेडकर नगर द्वारा इसे “सबसे स्वच्छ विद्यालय” का पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं वर्ष 2023 में हाईस्कूल की छात्रा कुमारी श्वेता चौहान ने मेरिट सूची में छठा स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी द्वारा उन्हें 21 हजार रुपये नगद पुरस्कार और टैबलेट देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही 2024 में टॉप-टेन परिणाम के आधार पर विद्यालय ने जनपद में प्रथम स्थान प्राप्त कर एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल की।
विद्यालय में आधुनिक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था उपलब्ध है। यहां सोलर ऊर्जा से विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था की गई है। बालक और बालिकाओं के लिए अलग-अलग शौचालय, शिक्षकों के लिए पृथक कार्यालय तथा दिव्यांग छात्रों के लिए विशेष शौचालय की व्यवस्था की गई है। खेलकूद की भी उत्कृष्ट व्यवस्था है, जिससे विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास को प्रोत्साहन मिलता है।
विद्यालय में विद्यार्थियों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं रखा जाता, बल्कि सामाजिक और व्यावहारिक ज्ञान के विकास के लिए प्रतिवर्ष शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम (टूर) भी आयोजित किए जाते हैं।
विद्यालय में 42 सुशिक्षित शिक्षक-शिक्षिकाएं कार्यरत हैं, जिनमें 26 पुरुष और 16 महिला शिक्षक शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 10 शिक्षणेत्तर कर्मचारी भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वर्तमान में विद्यालय में लगभग 2300 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए विद्यालय के पास 5 स्कूल बसें और 10 छोटी गाड़ियां उपलब्ध हैं।
विद्यालय की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अम्बेडकर नगर के साथ-साथ निकटवर्ती जनपद आजमगढ़ से भी बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं यहां शिक्षा ग्रहण करने आते हैं। महात्मा गोविन्द साहब क्षेत्र के अहरौरा, पकड़ी, पक्खनपुर, फुलवरिया, सुक्खीपुर आदि गांवों से लगभग 20 किलोमीटर की परिधि तक के बच्चे यहां अध्ययन करने आते हैं। यही कारण है कि यह विद्यालय एक अंतरजनपदीय शिक्षण संस्थान के रूप में प्रतिष्ठित हो चुका है।
विद्यालय में कला एवं विज्ञान संकाय की मान्यता इंटरमीडिएट तक प्राप्त है। साथ ही आधुनिक कंप्यूटर लैब और साइंस लैब की भी उत्कृष्ट व्यवस्था उपलब्ध है। संस्था की एक महत्वपूर्ण पहल यह भी है कि यहां लगभग 150 निर्धन परिवारों के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जा रही है।
विद्यालय की शैक्षिक गतिविधियों को सुदृढ़ बनाने में प्राचार्य श्री आलोक सिंह, उप-प्रधानाचार्य श्री परवेन्द्र कुमार सिंह तथा समर्पित शिक्षकगण—श्री हरिकेश कुमार, श्री राहुल चौहान, डॉ. अनिल प्रजापति, श्री संजय कुमार, श्री अंकित, श्रीमती नीतू सिंह, श्रीमती नीलम सिंह, श्री रौनक राव, श्री हरिओम, श्रीमती सुशीला, श्री कुलदीप आदि का महत्वपूर्ण योगदान है।
निस्संदेह, दान बहादुर, सूर्य कुमार इंटर कॉलेज आज शिक्षा, अनुशासन और संस्कार का एक ऐसा सशक्त केंद्र बन चुका है, जो क्षेत्र के विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की दिशा प्रदान कर रहा है और समाज में शिक्षा के प्रकाश को निरंतर फैलाने का कार्य कर रहा है।