सोनभद्र: रायपुर थाना क्षेत्र में हुए हत्या कांड का खुलासा, सास-ससुर और पत्नी गिरफ्तार
सोनभद्र। रायपुर थाना क्षेत्र में हुए एक सनसनीखेज हत्या कांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए मृतक की सास, ससुर और पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपी घटना के बाद फरार होने की फिराक में थे, जिन्हें पुलिस ने दरमा पहाड़ी तिराहे के पास से दबोच लिया।
बताया गया कि 5 अप्रैल को पसवनिया टोला बलियारी में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर मृतक की पत्नी, सास और ससुर को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी मिली, जिसके बाद तीनों आरोपियों को विधिक कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है और हत्या के पीछे के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।