बस्तर में बिजली समस्या को लेकर आम आदमी पार्टी का जोरदार घेराव
बस्तर, छत्तीसगढ़ — आज आम आदमी पार्टी द्वारा बस्तर में बिजली की गंभीर समस्या को लेकर विद्युत विभाग का जोरदार घेराव किया गया। इस दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
पार्टी नेताओं ने कहा कि छत्तीसगढ़ बिजली उत्पादन में सरप्लस राज्य होने के बावजूद यहां की जनता को महंगी बिजली मिल रही है। राज्य की बिजली अन्य प्रदेशों को भेजी जा रही है, जबकि अपने ही प्रदेश के लोग और किसान बिजली कटौती से परेशान हैं।
उन्होंने इस स्थिति को बेहद चिंताजनक बताते हुए कहा कि किसानों को समय पर बिजली नहीं मिलने से खेती प्रभावित हो रही है। वहीं आम जनता को अनियमित आपूर्ति और बढ़े हुए बिजली बिलों का सामना करना पड़ रहा है।
इन्हीं मुद्दों को लेकर पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने विद्युत विभाग के अनुविभागीय अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा और निम्नलिखित मांगें रखीं:
▪️ बिजली दरों में कमी की जाए
▪️ किसानों को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए
▪️ अनियमित कटौती पर तुरंत रोक लगाई जाए
पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो आम आदमी पार्टी जनता के साथ मिलकर और बड़ा आंदोलन करेगी।