logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

गेहूं उपार्जन की तैयारियां समय पर पूर्ण करें, लापरवाही बर्दाश्त नहीं – कलेक्टर प्रीति यादव

आगर मालवा, 6 अप्रैल। जिले में समर्थन मूल्य पर 10 अप्रैल से शुरू होने वाले गेहूं उपार्जन को लेकर कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव ने अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पहले पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि उपार्जन से जुड़े सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि खरीदी के दौरान किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी खरीदी केंद्रों पर तौल कांटा, वारदाना, हम्माल एवं तुलावटी सहित आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही किसानों के लिए बैठने, छांव और ठंडे पेयजल की समुचित व्यवस्था रहे। उन्होंने अधिकारियों को किसानों से मधुर व्यवहार रखने एवं उपज का समय पर तौल सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, जिससे किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

बैठक में कलेक्टर ने गैस एजेंसियों के नियमित निरीक्षण के निर्देश देते हुए कहा कि एलपीजी सिलेंडर निर्धारित दर पर ही उपलब्ध कराए जाएं तथा घरेलू गैस के दुरुपयोग और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की जाए। होटल एवं रेस्टोरेंट में घरेलू सिलेंडर के उपयोग की जांच कर अनियमितता पाए जाने पर कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए।

संकल्प से समाधान अभियान और सीएम हेल्पलाइन पर सख्ती
संकल्प से समाधान अभियान की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने लंबित आवेदनों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में कमजोर प्रदर्शन पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने सभी विभागों को समय-सीमा में शिकायतों का निपटारा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी शिकायत लंबित या नॉन-अटेंड न रहे, अन्यथा संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। लंबे समय से लंबित प्रकरणों का एक सप्ताह में शत-प्रतिशत निराकरण करने के निर्देश भी दिए गए।

जनगणना-2027 में लापरवाही नहीं चलेगी
जनगणना-2027 कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि सभी कार्य शासन निर्देशानुसार समय पर पूर्ण किए जाएं तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अनिवार्य रूप से प्रशिक्षण में उपस्थित रहने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि जनगणना कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।

आई-गोट प्रशिक्षण और अन्य योजनाओं की समीक्षा
कलेक्टर ने अधिकारियों को आई-गोट पोर्टल पर कम से कम 10 प्रशिक्षण पूर्ण करने और प्रतिदिन शाम 4 बजे तक गूगल शीट में प्रविष्टि करने के निर्देश दिए। साथ ही लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत सेवाएं निर्धारित समय-सीमा में प्रदान करने पर जोर दिया और उल्लंघन पर दंडात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।

एचपीवी वैक्सीनेशन की प्रगति की समीक्षा करते हुए स्वास्थ्य विभाग को निजी विद्यालयों में जागरूकता अभियान चलाकर पात्र बालिकाओं का टीकाकरण बढ़ाने और लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में सीईओ जिला पंचायत बी.एस. सोलंकी, अपर कलेक्टर आर.पी. वर्मा, डिप्टी कलेक्टर कमल मंडलोई, सर्वेश यादव, प्रेम नारायण परमार सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

46
3376 views

Comment