किनानगर के प्राथमिक विद्यालय में धूमधाम से मनाया गया वार्षिकोत्सव, बच्चों को किया गया सम्मानित
गढ़ रोड क्षेत्र के ग्राम किनानगर स्थित प्राथमिक विद्यालय-1 में वार्षिकोत्सव समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम प्रधान नीरज कश्यप उपस्थित रहे, जिन्होंने छोटे-छोटे छात्र-छात्राओं को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
समारोह के दौरान बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर सभी का दिल जीत लिया। उपस्थित अभिभावकों और ग्रामीणों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए तालियों से उनका हौसला बढ़ाया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास और उत्साह को बढ़ाते हैं। उन्होंने बताया कि विद्यालय का उद्देश्य केवल शिक्षा देना ही नहीं, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास पर भी ध्यान देना है।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ, अभिभावक और गांव के अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।