लो वोल्टेज से सातमील चौराहे की बिजली व्यवस्था ठप, व्यापार प्रभावित, लोगों में आक्रोश
हुसैनगंज (फतेहपुर) संवाददाता।
हुसैनगंज क्षेत्र के सातमील चौराहे में पिछले तीन दिनों से लो वोल्टेज की समस्या के कारण बिजली आपूर्ति पूरी तरह प्रभावित हो गई है। बिजली का वोल्टेज कम आने से दुकानदारों एवं कस्बे के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे स्थानीय व्यापार भी प्रभावित हो रहा है।
जानकारी के अनुसार फतेहपुर फीडर स्थित कैथपुरवा पावर हाउस से जुड़े सातमील तिराहे पर लगातार लो वोल्टेज और बिजली कटौती की समस्या बनी हुई है। कम वोल्टेज के चलते पानी की मोटरें नहीं चल पा रही हैं, जिससे दुकानदारों व स्थानीय निवासियों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।
विनय टेलीकॉम के प्रोपराइटर अमित बाजपेई ने बताया कि तीन दिनों से बिजली का पावर बेहद कम मिल रहा है। बादल छाए रहने के कारण इनवर्टर भी चार्ज नहीं हो पा रहे हैं। ग्राहक सेवा केंद्र पर कंप्यूटर बंद होने से बैंकिंग लेनदेन ठप हो गया है, जिससे ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले लोगों को बिना काम कराए वापस लौटना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि समस्या की जानकारी देने के लिए जेई अरविंद कुमार सरोज को फोन किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। इससे लोगों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
सातमील तिराहे के बनवारी पटेल, अमित पटेल, अमन साहू, आशीष विश्वकर्मा, सुनील मौर्य, भैया लाल लोधी और चंद्रशेखर चौहान सहित कई लोगों ने बिजली विभाग से जल्द से जल्द लो वोल्टेज की समस्या का समाधान कराने की मांग की है।