75 वर्षीय बुजुर्ग को जान से मारने की धमकी, 50 साल पुराने किरायेदार को बेदखल करने की साजिश”
मैनपुरी। जनपद मैनपुरी में एक 75 वर्षीय बुजुर्ग किरायेदार के साथ उत्पीड़न और धमकी का गंभीर मामला सामने आया है। स्टेशन रोड, माल गोदाम के सामने रहने वाले शत्रुघ्न सिंह भदोरिया ने आरोप लगाया है कि उन्हें मकान से जबरन बेदखल करने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा है तथा जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शत्रुघ्न सिंह भदोरिया वर्ष 1975 से उक्त मकान में किरायेदार के रूप में रह रहे हैं। यह मकान स्वर्गीय बाबूराम पालीवाल द्वारा उन्हें किराए पर दिया गया था, जिसकी नगर पालिका रसीदें और किराया रसीदें उनके पास मौजूद हैं।
बताया गया है कि वर्ष 1980 में मकान मालिक बाबूराम पालीवाल ने अपनी पुत्री के विवाह के लिए उनसे लगभग 5 लाख रुपये उधार लिए थे, जो अब तक वापस नहीं किए गए। आरोप है कि बाद में उन्हें मकान का देखरेखकर्ता भी बना दिया गया था।
बाबूराम पालीवाल के निधन के बाद उनके पुत्र अनिल पालीवाल एवं उनके परिजनों द्वारा कथित रूप से बुजुर्ग को लगातार परेशान किया जा रहा है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों द्वारा गाली-गलौज की जाती है और यह कहा जाता है कि “मकान खाली कर दो, नहीं तो जान से मार दिए जाओगे, पैसा भी नहीं मिलेगा।”
पीड़ित ने यह भी बताया कि वह हृदय रोग से पीड़ित हैं और उनकी उम्र लगभग 75 वर्ष है, जिससे वह शारीरिक रूप से कमजोर और असहाय हैं। उन्होंने दिनांक 6 अप्रैल 2026 को थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन वहां उनकी शिकायत स्वीकार नहीं की गई। पुलिस प्रशासन द्वारा बार-बार उनको परेशान किया जा रहा है और मकान खाली करने के लिए बार-बार फोन किया जा रहा है
इस मामले ने जिले में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर प्रकरण में क्या कार्रवाई करता है और पीड़ित को न्याय कब तक मिल पाता है।