मेरठ की बेटियों का दमखम: यूपी पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप में जीते कई पदक
मेरठ जिले की बेटियों ने एक बार फिर खेल जगत में अपना परचम लहराते हुए उत्तर प्रदेश पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन किया। 3 अप्रैल से 5 अप्रैल के बीच सिकंदरा, आगरा स्थित एकमे इंस्टिट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी में आयोजित इस प्रतियोगिता में मेरठ की खिलाड़ियों ने कई पदक अपने नाम किए।
सब-जूनियर वर्ग में झिलमिल ने 47 किलोग्राम भार वर्ग में तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि तांशु (52 किग्रा), प्रत्युषा (63 किग्रा) और स्नेहलता (69 किग्रा) ने प्रथम स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया।
वहीं जूनियर वर्ग में भी मेरठ की बेटियों का दबदबा देखने को मिला। पलक (43 किग्रा), चंचल (47 किग्रा) और मीनू (76 किग्रा) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि नेहा (57 किग्रा) ने चौथा स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता में सफलता प्राप्त करने वाली खिलाड़ियों ने अपनी जीत का श्रेय अपने कोच राजेंद्र सिंह को दिया। खिलाड़ियों ने बताया कि कोच की बेहतर ट्रेनिंग और मार्गदर्शन के कारण ही वे इस मुकाम तक पहुंच पाईं।
इस अवसर पर मेरठ पावर लिफ्टिंग के जनरल सेक्रेटरी श्री सत्यप्रकाश राघव ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि मेरठ की बेटियां लगातार खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं, जो पूरे जिले के लिए गर्व की बात है।