दतावली की बेटी करिश्मा चौहान ने UPSC में 17वीं रैंक हासिल कर बढ़ाया मान
गढ़ रोड क्षेत्र के ग्राम दतावली की बेटी करिश्मा चौहान ने UPSC परीक्षा में 17 वीं रैंक प्राप्त कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे जनपद मेरठ का नाम रोशन किया है। उनकी इस बड़ी उपलब्धि पर गांव और क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।
करिश्मा चौहान के सम्मान में दतावली स्थित श्री जी मंडप में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, गणमान्य व्यक्तियों और युवाओं ने भाग लिया। इस दौरान करिश्मा को फूल-मालाओं और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने करिश्मा की मेहनत, लगन और संघर्ष की सराहना करते हुए उन्हें क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा बताया। वक्ताओं ने कहा कि करिश्मा की सफलता यह साबित करती है कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो, तो कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।
करिश्मा चौहान ने इस अवसर पर अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और गुरुओं को दिया। उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास से हर सपना साकार किया जा सकता है।
समारोह का माहौल उत्साह और गर्व से भरा रहा, जहां हर कोई करिश्मा की उपलब्धि पर गर्व महसूस करता नजर आया।