logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

#रामगढ़: राहुल दुबे गैंग से मुठभेड़, कुख्यात अपराधी सनी सिंह घायल


रामगढ़: जिले में पुलिस और कुख्यात राहुल दुबे गिरोह के बीच सोमवार सुबह मुठभेड़ हो गई। इस दौरान गिरोह के सक्रिय सदस्य सनी सिंह को गोली लगी, जिसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अजय कुमारके निर्देश पर गठित एसआईटी टीम लगातार राहुल दुबे गैंग के खिलाफ छापेमारी कर रही थी। इसी क्रम में सूचना मिली कि गिरोह का सदस्य सनी सिंह भुरकुंडा क्षेत्र में मौजूद है और किसी बड़ी वारदात की फिराक में है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पतरातू और भुरकुंडा इलाके में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान दुमुहाना मंदिर के पास एक संदिग्ध व्यक्ति की पहचान की गई। जैसे ही पुलिस मौके पर पहुंची, आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।

फायरिंग में पतरातू थाना प्रभारी की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि वे बाल-बाल बच गए। इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सनी सिंह के दाहिने पैर में गोली लगी, जिससे वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़ा।

पुलिस ने उसे तुरंत उपचार के लिए भुरकुंडा स्थित अस्पताल भेजा। घटनास्थल से दो देसी पिस्टल, एक मोबाइल फोन और एक लेदर बैग बरामद किया गया है।

मुठभेड़ की सूचना मिलते ही एसपी अजय कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

गौरतलब है कि एक दिन पहले ही पुलिस ने राहुल दुबे गैंग के 7 सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। पुलिस का कहना है कि इलाके में आपराधिक गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।

7
4661 views

Comment