logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

श्रद्धांजलि सभा में उमड़ा जनसैलाब: दिवंगत जीवराज प्रकाश रात्रे जी को हजारों कार्यकर्ताओं ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि


बहुजन आंदोलन के समर्पित सिपाही, बहुजन समाज पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं मध्यप्रदेश के पूर्व कार्यालय सचिव रहे जीवराज प्रकाश रात्रे जी की श्रद्धांजलि सभा भावनाओं से भरे माहौल में संपन्न हुई। सभा स्थल पर सुबह से ही कार्यकर्ताओं, समर्थकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आमजन का आना शुरू हो गया था, जो देखते ही देखते जनसैलाब में बदल गया। हजारों की संख्या में पहुंचे लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
इस श्रद्धांजलि सभा में बहुजन समाज पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि विशेष रूप से उपस्थित रहे। इनमें प्रदेश अध्यक्ष श्याम टंडन, प्रदेश प्रभारी दाऊ राम रत्नाकर, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष हेमंत पोयम, पूर्व विधायक पामगढ़ इंदु बंजारे, पूर्व विधायक मालखरौदा लालसाय खूंटे, पूर्व विधायक बिलाईगढ़ हरिदास भारद्वाज और चंद्रदेव राय, वर्तमान विधायक बिलाईगढ़ कविता प्राण लहरे, विधायक सारंगढ़ उतरी गणपत जांगड़े, जिला पंचायत सदस्य डॉ दिनेश लाल जांगड़े और लता लक्ष्मे, तथा बसपा जिला अध्यक्ष सारंगढ़-बिलाईगढ़ प्रवीण सिंह मल्होत्रा सहित अनेक पदाधिकारी, कर्मचारीगण और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत पूज्य भंते बुद्धघोष बोधि द्वारा तथागत गौतम बुद्ध, डॉ भीमराव अम्बेडकर और कांशीराम के छाया-चिन्ह पर पूजा-वंदना से हुई। पूरे सभागार में शांति, श्रद्धा और संकल्प का वातावरण था। उपस्थित जनसमूह ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
वक्ताओं ने अपने उद्बोधन में जीवराज प्रकाश रात्रे जी के संघर्षमय जीवन, संगठन के प्रति उनकी निष्ठा और बहुजन समाज के उत्थान के लिए किए गए उनके अथक प्रयासों को विस्तार से याद किया। उन्होंने कहा कि रात्रे जी ने अपना संपूर्ण जीवन बहुजन विचारधारा, संगठन विस्तार और सामाजिक जागरूकता के लिए समर्पित कर दिया था। वे कार्यकर्ताओं के मार्गदर्शक, प्रेरणास्रोत और संगठन के मजबूत स्तंभ थे।
प्रदेश अध्यक्ष श्याम टंडन जी ने कहा कि जीवराज प्रकाश रात्रे जी जैसे समर्पित कार्यकर्ता किसी भी संगठन की असली ताकत होते हैं। उनका जीवन अनुशासन, समर्पण और संघर्ष की मिसाल है। प्रदेश प्रभारी दाऊ राम रत्नाकर जी ने कहा कि रात्रे जी ने हर परिस्थिति में संगठन को मजबूत करने का कार्य किया और अंतिम समय तक बहुजन आंदोलन के लिए सक्रिय रहे।
सभा में कई वक्ताओं ने भावुक होकर कहा कि बिलाईगढ़ विधानसभा में बसपा विधायक की ऐतिहासिक जीत ही जीवराज प्रकाश रात्रे जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। यह जीत उनके सपनों को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगी।
श्रद्धांजलि सभा के अंत में सभी उपस्थित जनों ने संकल्प लिया कि वे जीवराज प्रकाश रात्रे जी के दिखाए मार्ग पर चलकर बहुजन समाज की एकता, अधिकार और सम्मान की लड़ाई को और मजबूती देंगे। सभा भावुक माहौल, नारों और संकल्प के साथ संपन्न हुई, लेकिन जीवराज प्रकाश रात्रे जी की यादें और उनके विचार सभी के मन में गहराई से अंकित हो गईं।

4
202 views

Comment