15 लाख KM दौड़ चुकी HRTC बस UP में हुई ठप, यात्रियों की सुरक्षा पर उठे बड़े सवाल
उत्तर प्रदेश में हरिद्वार से हमीरपुर जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की एक पुरानी बस बीच रास्ते में अचानक खराब हो गई, जिससे यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दोपहर करीब 3 बजे रवाना हुई यह बस महज 50 किलोमीटर का सफर तय करने के बाद सैयद माजरा टोल प्लाजा के पास रुक गई।
चालक और परिचालक ने बस को दोबारा चालू करने की काफी कोशिश की, लेकिन तमाम प्रयास विफल रहे। बस में सवार 26 यात्रियों, जिनमें कई ने ऑनलाइन टिकट बुक किए थे, को घंटों इंतजार के बाद दूसरी बस में खड़े होकर सफर करने के लिए मजबूर होना पड़ा।
बताया जा रहा है कि यह बस 15 लाख किलोमीटर से अधिक चल चुकी थी, जबकि निर्धारित मानकों के अनुसार 10 लाख किलोमीटर के बाद बस को सेवा से हटा दिया जाना चाहिए। ऐसे में इस घटना ने यात्रियों की सुरक्षा और HRTC की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यात्रियों ने मांग की है कि पुरानी और जर्जर बसों को तुरंत हटाया जाए और परिवहन व्यवस्था को सुरक्षित व भरोसेमंद बनाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।