हथीन में NMMS परीक्षा में 10 विद्यार्थियों ने मारी बाज़ी, छात्रा भूमि के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर जोरदार स्वागत।
हथीन, पलवल:
नेशनल मीन्स-कम-मेरिट स्कॉलरशिप (NMMS) परीक्षा के घोषित परिणामों में जिला पलवल के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। जिला शिक्षा अधिकारी मामराज रावत के अनुसार, पूरे जिले से कुल 39 विद्यार्थियों ने इस प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल की है।
खंड हथीन की बात करें तो यहां के 10 विद्यार्थियों ने परीक्षा उत्तीर्ण कर उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की है। इस सफलता से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
इसी कड़ी में राजकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय, हथीन की छात्रा भूमि (पुत्री दीपक) के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर विद्यालय में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। विद्यालय के मुख्याध्यापक बाबू राम और हेड टीचर सतेंद्र सिंह ने छात्रा और विद्यालय स्टाफ को फूलमालाएं पहनाकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर शिक्षक रविंद्र दीक्षित ने बताया कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। वहीं, मुख्याध्यापक बाबू राम ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि निरंतर प्रयास और नए कौशल सीखने से ही सफलता प्राप्त होती है।
कार्यक्रम में सुनील कुमार, मनदीप सिंह, रेखा शर्मा, नेपाल, आशा, कविता सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। विद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए सभी सफल विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।