बारीखेड़ा गांव की जर्जर सड़क से लोग परेशान, जल्द मरम्मत की मांग तेज
तहसील हैदरगढ़ के अंतर्गत ग्राम बारीखेड़ा, पोस्ट अंसारी में सड़क की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। गांव की मुख्य सड़क लंबे समय से टूटी-फूटी पड़ी है और जगह-जगह गड्ढों के कारण लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क का निर्माण हुए काफी समय बीत चुका है, लेकिन अब तक इसकी मरम्मत या पुनर्निर्माण नहीं कराया गया है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है, जिससे स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को विशेष परेशानी होती है।
गांव के लोगों ने ग्राम प्रधान से अपील की है कि इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराई जाए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।