logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

भाजपा का 46वां स्थापना दिवस: काशी क्षेत्र के 28,087 बूथों पर होंगे कार्यक्रम, 6 अप्रैल को ध्वजारोहण



वाराणसी। भारतीय जनता पार्टी अपने 46वें स्थापना दिवस को लेकर काशी क्षेत्र में व्यापक तैयारी कर रही है। 6 अप्रैल को क्षेत्र के सभी 28,087 बूथों पर ध्वजारोहण, मिष्ठान वितरण और विचार गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही 7 से 12 अप्रैल तक ग्राम-बस्ती संपर्क अभियान चलाकर पार्टी अपनी योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएगी।


बैठक में तय हुई कार्यक्रमों की रूपरेखा
रोहनिया स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पार्टी की स्थापना 1 अप्रैल 1980 को हुई थी और इस वर्ष 46वां स्थापना दिवस पूरे उत्साह के साथ मनाया जाएगा। 5, 6 और 7 अप्रैल को सभी मंडल, जिला, क्षेत्र और प्रदेश कार्यालयों को फूल, लाइटिंग और रंगोली से सजाया जाएगा।

बूथ स्तर तक पहुंचेगा स्थापना दिवस उत्सव
6 अप्रैल को सभी पार्टी कार्यालयों पर ध्वजारोहण किया जाएगा और मिष्ठान वितरण होगा। इसके साथ ही 6 और 7 अप्रैल को प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं, प्राथमिक और सक्रिय सदस्यों तथा गणमान्य नागरिकों के साथ कार्यक्रम आयोजित होंगे।


इस दौरान संस्थापक नेताओं श्यामा प्रसाद मुखर्जी और दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनकी विचारधारा पर चर्चा की जाएगी।

कार्यकर्ता घर-घर फहराएंगे पार्टी का ध्वज
क्षेत्रीय अध्यक्ष ने बताया कि हर कार्यकर्ता अपने घर पर भी पार्टी का ध्वज फहराएगा और इसके साथ सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर साझा करेगा, ताकि स्थापना दिवस को जन-जन तक पहुंचाया जा सके।

7 से 12 अप्रैल तक चलेगा ग्राम-बस्ती संपर्क अभियान
स्थापना दिवस के बाद 7 से 12 अप्रैल तक काशी क्षेत्र में व्यापक स्तर पर ग्राम एवं बस्ती संपर्क अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत बड़ी विधानसभाओं में कम से कम 50 और छोटी विधानसभाओं में 30 गांव या बस्तियों का चयन किया जाएगा।




इस अभियान में जनप्रतिनिधियों से लेकर बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं तक सभी की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।


जनता को बताएंगे योजनाओं की उपलब्धियां
अभियान के दौरान स्वच्छता कार्यक्रम, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान और समाज के विभिन्न वर्गों के प्रबुद्ध लोगों से संपर्क किया जाएगा। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी और लाभार्थियों से भी संवाद किया जाएगा।

बैठक में कई पदाधिकारी रहे मौजूद
बैठक का संचालन क्षेत्रीय महामंत्री अशोक चौरसिया ने किया। इस अवसर पर राजेश राजभर, नवरतन राठी, अनिल श्रीवास्तव, सुरेंद्र पटेल, प्रवीण सिंह गौतम, जेपी दुबे, पीयूष वर्धन सिंह और देवेंद्र मौर्य सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

4
190 views

Comment