स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं की शंकाएं दूर, एसडीओ से मिले भाजपा जिला मंत्री
जालौन। स्मार्ट मीटर और बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान को लेकर भाजपा जिला मंत्री ने विद्युत उपखंड कार्यालय पहुंचकर एसडीओ सूरज सोनी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने उपभोक्ताओं की ओर से उठाए जा रहे विभिन्न सवालों को एसडीओ के समक्ष रखते हुए स्पष्ट जानकारी मांगी।
एसडीओ सूरज सोनी ने बताया कि सरकार द्वारा प्रीपेड स्मार्ट मीटर योजना को अब अनिवार्य नहीं रखा गया है। उपभोक्ता अपनी सुविधा के अनुसार प्रीपेड या पोस्टपेड, दोनों में से किसी भी योजना का चयन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिन उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगे हैं, वे यूपीपीसीएल का आधिकारिक स्मार्ट एप डाउनलोड करें, जिससे वे अपनी दैनिक बिजली खपत और बैलेंस की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि बैलेंस समाप्त होने पर बिजली आपूर्ति स्वतः बंद हो जाती है, लेकिन रिचार्ज करते ही बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के सप्लाई फिर से चालू हो जाती है। यदि कोई कर्मचारी कनेक्शन चालू करने के नाम पर अवैध धनराशि की मांग करता है तो इसकी सूचना तत्काल विभाग को दें, ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसडीओ ने उपभोक्ताओं को सलाह दी कि वे रिचार्ज केवल यूपीपीसीएल के आधिकारिक एप से ही करें, जिससे दो घंटे के भीतर बिजली आपूर्ति बहाल हो जाती है। थर्ड पार्टी एप से रिचार्ज करने पर विलंब हो सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि रात में अचानक बैलेंस समाप्त होने की स्थिति में स्मार्ट मीटर में लगे बटन को दबाकर 24 घंटे का ग्रेस पीरियड लिया जा सकता है, जिससे उपभोक्ताओं को राहत मिलती है।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि उपभोक्ताओं को किसी निश्चित बड़ी राशि का बैलेंस बनाए रखना जरूरी नहीं है, बल्कि बकाया के अनुसार निर्धारित प्रतिशत तक ही बैलेंस रखना होता है।
भाजपा जिला मंत्री ने कहा कि उपभोक्ताओं की समस्याओं का शीघ्र समाधान होना चाहिए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो। इस पर एसडीओ ने आश्वासन दिया कि सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा।
इस मौके पर पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिलाध्यक्ष शिव शंकर प्रजापति, सुरेश राठौर, हर्ष बाथम सहित अन्य लोग मौजूद
रिपोर्ट
राजू पाटकार..