तेज आंधी-बारिश से धनबाद में आफत, सड़क पर गिरा विशाल पेड़, यातायात ठप
लूबी सर्कुलर रोड पर घंटों बाधित रहा आवागमन, JCB से हटाया गया पेड़
धनबाद:-शहर में देर शाम अचानक आए तेज आंधी और बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। मौसम के इस अचानक बदलाव के बीच लूबी सर्कुलर रोड पर एक विशाल पेड़ सड़क पर गिर गया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तत्काल ट्रैफिक व्यवस्था संभालते हुए वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से डायवर्ट किया। इससे लोगों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा, लेकिन प्रशासन की तत्परता से स्थिति को जल्द नियंत्रित कर लिया गया।
नगर निगम की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। JCB मशीन की मदद से गिरे हुए पेड़ को हटाने का काम तेज गति से किया गया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका।
इस घटना में सड़क किनारे खड़ी एक कार के पिछले हिस्से को नुकसान पहुंचा है। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी भी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।
अचानक बदले मौसम ने शहर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना दिया, लेकिन प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से हालात जल्द सामान्य हो गए।