logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

डीएम की गाड़ी के आगे हूटर बजाती निकली कार, पकड़ने पर टीएसआई पर चढ़ाने की कोशिश

शाहजहांपुर।
शहर में एक युवक की दबंगई उस समय भारी पड़ गई, जब एक व्यक्ति ने जिलाधिकारी की गाड़ी के आगे हूटर बजाते हुए तेज रफ्तार में कार दौड़ा दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम के निर्देश पर पुलिस ने पीछा कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। इस दौरान आरोपी ने ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर (टीएसआई) पर कार चढ़ाने की भी कोशिश की।

जानकारी के अनुसार, जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह किसी कार्य से जा रहे थे, तभी एक कार हूटर बजाते हुए उनकी गाड़ी के सामने आकर तेज गति से कट मारते हुए निकल गई। घटना को गंभीर मानते हुए डीएम ने तत्काल ट्रैफिक पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए।

इसके बाद यातायात और सदर पुलिस ने संयुक्त रूप से कार का पीछा शुरू किया। जीआईसी तिराहे के पास टीएसआई विनय पांडेय ने कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने गाड़ी भगा दी। पुलिस ने पीडब्ल्यूडी से सुदामा चौराहा, खिरनीबाग होते हुए सदर बाजार तक उसका पीछा किया।

बताया जा रहा है कि इस दौरान आरोपी ने टीएसआई पर कार चढ़ाने की कोशिश की, हालांकि वह बाल-बाल बच गए। कुछ देर बाद चालक दोबारा जीआईसी तिराहे के पास पहुंचा, जहां पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

पकड़े जाने पर आरोपी ने पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की भी की, जिसका वीडियो भी सामने आया है। तलाशी के दौरान कार से पुलिस की टोपी बरामद हुई। कार के शीशे पर ‘वीआईपी’ और अधिवक्ता का लोगो भी लगा मिला।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी एक अधिवक्ता का बेटा है और कार भी उसी के नाम पर पंजीकृत है। पुलिस ने आरोपी को थाने भेज दिया है और कार को सीज कर लिया है।

टीएसआई विनय पांडेय के अनुसार, आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि उसने अवैध रूप से हूटर क्यों लगाया था और कार में मिली पुलिस टोपी किसकी है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

0
12 views

Comment