logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

गरजे RAM संस्थापक अलंकार अग्निहोत्री, 2027 में 403 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान

शाहजहांपुर।
राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा (RAM) के संस्थापक अलंकार अग्निहोत्री ने शुक्रवार को शहर के एक निजी होटल में आयोजित जनसभा में केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सामान्य वर्ग के साथ योजनाबद्ध तरीके से अन्याय किया जा रहा है और उनके अधिकारों को कमजोर करने की साजिश रची जा रही है।

अग्निहोत्री ने कहा कि यूजीसी रेगुलेशन जैसे मुद्दों पर सत्ता में बैठे सवर्ण नेता भी चुप हैं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान व्यवस्था में कोई मजबूत राजनीतिक विकल्प न होने के कारण सत्ता बेलगाम हो गई है।

उन्होंने घोषणा की कि राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ेगा और सरकार बनाने का लक्ष्य रखेगा। उन्होंने बताया कि संगठन का विस्तार फिलहाल 14 राज्यों में हो चुका है और जो भी उनके विचारों से सहमत है, उसका पार्टी में स्वागत है।

अग्निहोत्री ने एससी/एसटी एक्ट के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए इसे समाप्त करने की मांग की। साथ ही घोषणा की कि इस कानून से प्रभावित लोगों को न्याय मिलने तक पार्टी की ओर से “विष्णु तिवारी पेंशन” के तहत 21 हजार रुपये प्रतिमाह सहायता दी जाएगी।

प्रदेश अध्यक्ष ने भी उठाए मुद्दे
प्रदेश अध्यक्ष विश्वदीप अवस्थी ने कहा कि सवर्ण समाज के साथ हो रहे कथित अत्याचार और यूजीसी जैसे नियमों के खिलाफ आवाज उठाने के लिए ही राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा का गठन किया गया है। उन्होंने सनातन में आस्था रखने वाले सभी लोगों से संगठन से जुड़ने की अपील की।

अधिवक्ता नेता ने किया समर्थन
सेंट्रल बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष नारायण दत्त त्रिपाठी (गुल्लू बाबू) ने कहा कि प्रतिभाशाली छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी वर्गों से अन्याय के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील की।

कार्यक्रम के बाद अलंकार अग्निहोत्री ने टाउन हॉल स्थित नवनिर्मित शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। इस दौरान बड़ी संख्या में अधिवक्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

6
222 views

Comment