धनबाद स्टेशन के पास बनेगा एलिवेटेड रेल पुल, नई लाइन से बदलेगी स्टेशन की सूरत
धनबाद-:धनबाद रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। ईस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (DFCC) परियोजना के तहत स्टेशन के सामने से नई रेल लाइन एलिवेटेड पुल के माध्यम से गुजरेगी। पूर्व मध्य रेलवे के कंस्ट्रक्शन विभाग ने इस प्रस्ताव को तैयार कर मुख्यालय को मंजूरी के लिए भेज दिया है।
रेलवे द्वारा धनबाद स्टेशन का नया मास्टर प्लान भी तैयार किया गया है, जिसमें स्टेशन के दक्षिणी छोर पर करीब 11,500 वर्गमीटर क्षेत्र में अत्याधुनिक स्टेशन भवन बनाने की योजना है। वहीं उत्तरी छोर पर लगभग 1,350 वर्गमीटर में एक और नया भवन प्रस्तावित है। स्टेशन से जुड़ी अधिकांश सुविधाओं को दक्षिणी छोर पर स्थानांतरित करने की भी योजना है।
प्रस्तावित एलिवेटेड पुल मटकुरिया फुटबॉल ग्राउंड से शुरू होकर हिल कॉलोनी स्थित रेलवे रनिंग रूम तक जाएगा। इस पुल पर दो नई रेल लाइन बिछाई जाएंगी, जो गया पुल के ऊपर से गुजरते हुए स्टेशन भवन के सामने से रेलवे स्टेडियम के दक्षिणी हिस्से तक पहुंचेंगी।
रेलवे ने इस परियोजना के लिए आवश्यक जमीन अधिग्रहण का कार्य लगभग पूरा कर लिया है। कई स्थानों पर घेराबंदी की जा चुकी है और कुछ हिस्सों में पटरी बिछाने का काम भी शुरू हो गया है। परियोजना के तहत आरपीएफ पोस्ट, रेल थाना और जीआरपी बैरक को भी स्थानांतरित किया जाएगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, अगले एक से दो वर्षों में इस परियोजना के पूरा होने के बाद धनबाद स्टेशन और उसके आसपास का पूरा क्षेत्र आधुनिक सुविधाओं से लैस हो जाएगा। इससे न केवल मालगाड़ियों के संचालन में तेजी आएगी, बल्कि यात्रियों को भी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।