logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

देरी से शुरू हुई एसपी की प्रेस वार्ता, नाराज़ होकर लौटे कई पत्रकार

शाहजहांपुर।
03 अप्रैल। रिजर्व पुलिस लाइन में शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता निर्धारित समय से लगभग एक घंटे की देरी से शुरू होने के कारण चर्चा का विषय बन गई। देरी से नाराज़ पत्रकारों में असंतोष देखा गया, जबकि कुछ पत्रकार कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही हॉल छोड़कर चले गए।

जानकारी के मुताबिक, प्रेस वार्ता का समय पहले शाम 4:30 बजे तय किया गया था, जिसे बाद में बदलकर 4:20 बजे कर दिया गया। तय समय के अनुसार बड़ी संख्या में पत्रकार मौके पर पहुंच गए और कुछ ही देर में सभागार पूरी तरह भर गया। इस दौरान शुरुआती अव्यवस्था भी देखने को मिली। वरिष्ठ पत्रकारों के पहुंचने पर बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से असहज स्थिति बनी, बाद में अतिरिक्त कुर्सियां मंगाकर व्यवस्था दुरुस्त की गई।

प्रेस वार्ता शुरू होने से पहले पत्रकारों को जलपान वितरित किया गया, लेकिन शाम 4:50 बजे तक भी पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के नहीं पहुंचने से इंतजार लंबा होता गया। लगभग 5:00 बजे कुछ पत्रकारों ने नाराज़ होकर कार्यक्रम स्थल से बाहर निकलना ही उचित समझा।

बाद में अधिकारियों की ओर से जानकारी दी गई कि नव नियुक्त पुलिस अधीक्षक की परिचयात्मक औपचारिकताओं के चलते देरी हुई। इसके बाद कार्यक्रम शुरू हुआ, जिसमें पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने मौजूद पत्रकारों से एक-एक कर परिचय प्राप्त किया।

प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करना उनकी प्राथमिकता है और अपराधियों, माफिया तत्वों व भूमाफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी, अवैध गतिविधि या रिश्वतखोरी की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक ने पत्रकारों से अपील करते हुए कहा कि वे थानों और कार्यालय पर जाने के दौरान अपना परिचय अवश्य दें, जिससे समन्वय बेहतर हो सके। किसी भी समस्या या सूचना के लिए पत्रकार सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं।

इस दौरान कुछ पत्रकारों ने कानून व्यवस्था, थानों के व्यवहार और अवैध गतिविधियों को लेकर सवाल भी उठाए, जिनका पुलिस अधीक्षक ने जवाब देते हुए पारदर्शिता और त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

प्रेस वार्ता भले ही देरी से शुरू हुई, लेकिन अंत में पुलिस प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय की उम्मीद के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।

2
67 views

Comment