logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

पत्नी की गला घोंटकर हत्या: शराबखोरी और पारिवारिक विवाद ने ली जान, आरोपी बेटे ने पिता को जगाकर बताई वारदात

चित्रसेन घृतलहरे, AIMA MEDIA//थाना बिलाईगढ़ क्षेत्र के खजरी गांव में पारिवारिक विवाद के चलते एक दिल दहला देने वाली हत्या का मामला सामने आया है। घटना 2 अप्रैल 2026 की रात की है। प्रार्थी सुखीराम साहू, उम्र 70 वर्ष, निवासी खजरी ने आज सुबह 03 अप्रैल को थाने में उपस्थित होकर अपने ही बेटे राजेश साहू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
आधी रात पिता को जगाकर बताया—“मैंने कुन्ती को मार दिया”
शिकायतकर्ता सुखीराम के अनुसार, रात करीब 12:30 बजे उसका पुत्र राजेश उसे अचानक जगाकर बताया कि उसने अपनी पत्नी कुन्ती साहू (38 वर्ष) का गला दबाकर हत्या कर दी है। घबराए पिता ने तत्काल थाना पहुँचकर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद थाना बिलाईगढ़ में अपराध क्रमांक 62/2026 धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज हुआ।
भागने की फिराक में था आरोपी, ग्रामीणों की मदद से दबोचा
थाना प्रभारी ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए तुरंत टीम रवाना की। आरोपी राजेश साहू भागने की कोशिश में था, लेकिन ग्रामीणों की मदद से उसे पुलिस ने तुरंत हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने गमछा से अपनी पत्नी का गला घोंटकर हत्या की है।
हत्या में प्रयुक्त गमछा जलाने की कोशिश—पुलिस ने किया बरामद
आरोपी ने बताया कि वह घटना के बाद गमछा को जलाकर सबूत नष्ट करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस की तत्परता से वह उसे पूरी तरह जलाने में सफल नहीं हो पाया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर गमछा जब्त कर लिया है।
शराबखोरी और घरेलू कलह बनी मौत की वजह
जांच में सामने आया कि आरोपी राजेश साहू नियमित रूप से शराब पीने का आदी था। घटना वाली रात भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोपी के अनुसार, पत्नी कुन्ती उसे शराब पीने, काम न करने और जमीन-जायदाद बेचने की धमकी दे रही थी। साथ ही थाने में शिकायत कर जेल भिजवाने की बात कहने पर गुस्से में आकर उसने गमछा से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

56
1401 views

Comment