नवगछिया
तेज रफ्तार ट्रक ने बैंक मैनेजर को कुचला, मौके पर दर्दनाक मौत
दो घंटे तक एसएच-58 जाम, इलाके में आक्रोश
नवगछिया पुलिस जिला क्षेत्र में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण रोजाना निर्दोष लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। इसी कड़ी में गुरुवार सुबह एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां गिट्टी लदे तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार महिला बैंक मैनेजर को कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
यह घटना नवगछिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बाबा विशुराउत पुल के समीप श्रीपुर प्लांट के पास सुबह करीब 9:40 बजे हुई। मृतका की पहचान गोपालपुर थाना क्षेत्र के लतरा निवासी सपना राज (45 वर्ष), पति चंदन कपूर के रूप में हुई है।
ड्यूटी पर जाने के दौरान हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सपना राज अपने मायके हरनाथचक (नवगछिया) से स्कूटी पर सवार होकर मधेपुरा जिले के चौसा स्थित कलासन शाखा (बिहार ग्रामीण बैंक) में ड्यूटी पर जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से आ रहे गिट्टी लदे ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और कुचलते हुए आगे बढ़ गया।
हादसा इतना भीषण था कि ट्रक के पहियों के नीचे आने से मृतका का शरीर तीन हिस्सों में बंट गया और सड़क पर बिखर गया। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया।
हाल ही में हुआ था स्थानांतरण
बताया गया कि सपना राज बिहार ग्रामीण बैंक की कलासन शाखा में मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं। उनका हाल ही में अरजपुर (चौसा) शाखा से कलासन में स्थानांतरण हुआ था। वे अपने कर्तव्य के प्रति सजग थीं और रोज की तरह ड्यूटी पर जा रही थीं, तभी यह हादसा हो गया।
परिवार में मचा कोहराम
घटना की सूचना मिलते ही मृतका के घर में कोहराम मच गया। परिजन रोते-बिलखते अनुमंडल अस्पताल नवगछिया पहुंचे और शव से लिपटकर विलाप करने लगे। मृतका की शादी वर्ष 2012 में हुई थी। उनके परिवार में एक पुत्री सौम्या सिद्धि और एक 10 वर्षीय पुत्र सामर्थ्य राज है। पति चंदन कपूर समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
दो घंटे तक सड़क जाम, लोगों में आक्रोश
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया। हजारों की संख्या में लोग सड़क पर उतर आए और मुआवजा व दोषी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कदवा फोरलेन एवं एसएच-58 को जाम कर दिया। करीब दो घंटे तक जाम रहने से यातायात पूरी तरह बाधित रहा।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क पर बने ब्रेकर और तेज रफ्तार वाहनों के कारण यह मार्ग जानलेवा बन गया है। लोगों ने ब्रेकर को हटाने और ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने की मांग की।
प्रशासन मौके पर, चालक की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही नवगछिया एसडीएम, एसडीपीओ और बीडीओ दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गए। काफी समझाने-बुझाने और आश्वासन के बाद लोगों ने जाम समाप्त किया।
नवगछिया थानाध्यक्ष रविशंकर सिंह ने बताया कि ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार महिला बैंक मैनेजर की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतका के पति के आवेदन पर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस दर्दनाक घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के कड़े उपाय लागू करने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।