करंट की चपेट में आने से मां-बेटे की मौत, सिसवा में मातम
रिपोर्टर: प्रदीप सिंह, महराजगंज (महराजगंज): सिसवा नगरपालिका के चौधरी चरण सिंह वार्ड नंबर सात में शुक्रवार सुबह करीब दस बजे एक दर्दनाक हादसे में करंट लगने से मां और बेटे की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में मातम छा गया और परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार वार्ड निवासी किसान रामदेव सिंह सुबह अपने खेत गए थे। करीब दस बजे जब वह घर लौटे तो उन्होंने पत्नी से पानी मांगा। काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने अपने 17 वर्षीय बेटे अखिलेश को मां को बुलाने के लिए भेजा।
अखिलेश जब घर के भीतर पहुंचा तो उसने देखा कि उसकी 45 वर्षीय मां रंभा देवी पानी के मोटर के पास अचेत अवस्था में पड़ी हुई हैं। मां को उठाने और बचाने की कोशिश में वह भी बिजली के करंट की चपेट में आ गया। देखते ही देखते दोनों मौके पर ही बेहोश हो गए।
कुछ देर तक घर से कोई हलचल न होने पर रामदेव सिंह खुद अंदर पहुंचे। वहां का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने देखा कि पत्नी और बेटा दोनों अचेत पड़े हुए हैं। शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बिजली का कनेक्शन काटने के बाद दोनों को आनन-फानन में सिसवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद मां और बेटे को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन दोनों के शवों को घर वापस ले आए। घटना की खबर फैलते ही पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। घर पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।