logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

भवन और स्टाफ की कमी के बावजूद भीलवाड़ा नीचा विद्यालय का शत-प्रतिशत रहा 10 और 12 वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम।*

छबड़ा: निकटवर्ती राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, भीलवाड़ा नीचा ने विपरीत परिस्थितियों में भी शैक्षणिक उत्कृष्टता का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए सत्र 2025-26 में कक्षा 10वीं एवं 12वीं का परीक्षा परिणाम 100 प्रतिशत देकर क्षेत्र में मिसाल कायम की है।विद्यालय में न तो पर्याप्त भवन सुविधा उपलब्ध है और न ही पूरा शैक्षणिक स्टाफ, इसके बावजूद विद्यार्थियों और शिक्षकों के समर्पण ने यह शानदार उपलब्धि हासिल की।जानकारी के अनुसार कक्षा 10वीं में 21 एवं कक्षा 12वीं में 9 विद्यार्थी अध्ययनरत थे। बड़े ग्राम का विद्यालय होने के बावजूद भवन और स्टाफ की कमी के कारण वर्षों से यहां छात्र संख्या प्रभावित रही है, जिसके चलते कई विद्यार्थी अन्य स्थानों पर अध्ययन के लिए पलायन कर गए।इसके बावजूद शेष विद्यार्थियों ने उम्मीदों से बढ़कर प्रदर्शन किया। कक्षा 10वीं में आयुषी ने 79.17 प्रतिशत, अंकित मीणा ने 78 प्रतिशत एवं पायल मीणा ने 77 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। वहीं कक्षा 12वीं में अमीषा मीणा ने 80 प्रतिशत, रानी ने 67.60 प्रतिशत एवं पूजा कुशवाह ने 67 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया।परीक्षा परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिवार एवं अभिभावकों में खुशी की लहर दौड़ गई। इस अवसर पर प्रधानाचार्य श्रीफल मीणा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में सभी सफल विद्यार्थियों का तिलक, चंदन एवं माल्यार्पण कर सम्मान किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।कार्यक्रम में कृष्ण मुरारी शर्मा, मुकेश शर्मा, जितेन्द्र गोचर, पदम सिंह चौहान, प्रमोद कुमार मीणा, रघुराज सहरिया, संतोष मीणा, पीईटी गोरी, चंद्रमोहन मीणा सहित अभिभावक उपस्थित रहे।मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में पूर्व में कार्यरत सेवानिवृत्त व्याख्याता एवं ब्लॉक संदर्भ व्यक्ति शंकर लाल नागर ने भी विद्यार्थियों एवं स्टाफ को बधाई देते हुए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
उन्होंने राज्य सरकार से छबड़ा क्षेत्र के सभी विद्यालयों में पर्याप्त भवन निर्माण एवं रिक्त शैक्षणिक पदों को शीघ्र भरने की मांग भी की, ताकि ग्रामीण विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकें।

28
943 views
1 shares

Comment