logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

3 मौतों के बाद जागा प्रशासन, कतरास में अवैध खनन पर बड़ा एक्शन, स्थानीय लोगों ने उठाए सवाल—पहले क्यों नहीं हुई कार्रवाई?


SDM लोकेश बारंगे के नेतृत्व में कई जगहों पर छापेमारी,अब देखना, कार्रवाई स्थायी होगी या फिर ढीली पड़ेगी

सख्ती से अवैध कारोबारियों में मचा हड़कंप
जनप्रतिनिधियों ने कार्रवाई को बताया सराहनीय

धनबाद:-धनबाद के कतरास क्षेत्र में अवैध कोयला खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सख्त रुख अपनाया है। हाल ही में भू-धंसान की घटना में तीन लोगों की मौत के बाद प्रशासन हरकत में आया और व्यापक छापेमारी अभियान चलाया गया।

SDM के नेतृत्व में छापेमारी

सदर अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे के नेतृत्व में बाघमारा अनुमंडल के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अवैध खनन और उससे जुड़ी गतिविधियों पर कार्रवाई की गई। इस अभियान में माइनिंग विभाग, अंचल प्रशासन, बीसीसीएल अधिकारी और पुलिस बल शामिल रहे।

कई स्थानों पर कार्रवाई, मुहाने भरने के निर्देश

छापेमारी के दौरान कतरास थाना क्षेत्र के लकड़का (कतरी नदी किनारे), गजली टांड, रामकनाली (सूर्य मंदिर क्षेत्र) और तेतुलमारी के खास सिजुआ सहित आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर कार्रवाई की गई। अधिकारियों को अवैध खनन के मुहानों को तुरंत भरने, कोयला और वाहनों को जब्त करने तथा पूरी कार्रवाई की फोटो-वीडियो रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए।

SDM ने साफ कहा कि कार्रवाई में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और केवल औपचारिकता निभाने पर संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई होगी।

कार्रवाई से मचा हड़कंप

इस सख्त अभियान के बाद अवैध खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिया है।

स्थानीय लोगों में नाराजगी भी

हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर प्रशासन पहले ही सख्त कदम उठाता, तो हालिया हादसे में तीन लोगों की जान नहीं जाती।

स्थायी समाधान पर सवाल

फिलहाल कार्रवाई जारी है, लेकिन अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या यह अभियान स्थायी रूप से अवैध खनन पर लगाम लगा पाएगा या फिर कुछ दिनों बाद स्थिति पहले जैसी हो जाएगी।

#JharkhandNews #dhanbadnews #dhanbadpolice #JharkhandPolice #sdmdhanbad #dcdhanbad

4
5614 views

Comment