मन्दसौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नाकेबंदी के दौरान 90 किलो डोडाचूरा के साथ TUV 300 जब्त
मध्य प्रदेश, सुवासरा/मन्दसौर:
पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सुवासरा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक मन्दसौर, श्री विनोद मीणा के निर्देशन में सुवासरा पुलिस और रूनिजा चौकी की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 90 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा और एक लग्जरी कार जब्त की है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
जानकारी के अनुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ सुश्री हेमलता कुरील एवं एसडीओपी सीतामऊ श्री दिनेश प्रजापति के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सुवासरा अनिल रघुवंशी और रूनिजा चौकी प्रभारी उनि भारत कटारा ने टीम के साथ ग्राम धनवाड़ा सिंगापुर रोड पर स्थित चेकपोस्ट के पास नाकेबंदी की थी। इसी दौरान एक संदिग्ध TUV 300 कार (क्रमांक RJ33UA1609) को रोका गया।
अंधेरे का फायदा उठाकर तस्कर फरार
पुलिस टीम को देख तस्कर घबरा गया और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस ने जब वाहन की तलाशी ली, तो उसमें 06 प्लास्टिक के कट्टों में भरा कुल 90 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने डोडाचूरा और वाहन, जिसकी कुल कीमत लगभग 8 लाख 80 हजार रुपये आंकी गई है, उसे जब्त कर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
टीम की सराहना
इस सफल कार्रवाई में सुवासरा थाना प्रभारी अनिल रघुवंशी, रूनिजा चौकी प्रभारी उनि भारत कटारा, आरक्षक पंकज चौहान और आरक्षक कृष्णपाल सिंह की मुख्य भूमिका रही।