उद्योग संचालक अपने उद्योग पूरी क्षमता से संचालित करें, जिला प्रशासन पूर्ण सहयोग करेगा - कलेक्टर
उद्योग संचालक अपने उद्योग पूरी क्षमता से संचालित करें, जिला प्रशासन पूर्ण सहयोग करेगा – कलेक्टर
कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय निर्यात प्रोत्साहन एवं निवेश संवर्धन समितियों की बैठक संपन्न
कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ ने बानमौर, मुरैना, सीतापुर एवं पिपरसेवा औद्योगिक क्षेत्रों के उद्योग संचालकों से कहा कि वे अपने उद्योगों को पूर्ण क्षमता के साथ संचालित करें। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन उद्योगों की हर संभव सहायता के लिए सदैव तत्पर है। उद्योगों से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान हेतु जिला निवेश संवर्धन केन्द्र में संपर्क किया जा सकता है, जिसके नोडल अधिकारी अपर कलेक्टर होंगे।
वह जिला स्तरीय निर्यात प्रोत्साहन समिति एवं जिला निवेश संवर्धन एवं समन्वय समिति की बैठक में उपस्थित उद्योगपतियों एवं अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे।
बैठक में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर सुश्री अनीता श्रीवास्तव, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री कमलेश कुमार भार्गव, अपर कलेक्टर श्री अश्विनी कुमार रावत, सीजेएम श्री दिनेश श्रीवास्तव, महाप्रबंधक उद्योग श्री बी.एल. मरकाम, व्यापार संघ के अध्यक्ष श्री संजय शर्मा, एसडीएम मुरैना सहित श्रम, विद्युत, पशुपालन एवं अन्य विभागों के अधिकारी तथा व्यापारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री जांगिड़ ने धनेला क्षेत्र के समीप औद्योगिक इकाइयों द्वारा छोड़े जा रहे अपशिष्ट (ब्लैक वाटर) पर चिंता व्यक्त करते हुए इसके समुचित प्रबंधन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की व्यवस्था की जाए जिससे प्रदूषित जल बाहर निकलकर पर्यावरण को नुकसान न पहुंचाए। इस संबंध में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर को औद्योगिक क्षेत्र का निरीक्षण कर आवश्यक योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में बानमौर क्षेत्र के उद्योग संचालकों ने उद्योगों से निकलने वाले पानी के जमा होने की समस्या के बारे में कलेक्टर को अवगत कराया। इस पर कलेक्टर ने ‘रिचार्ज सोक पिट’ बनाने का सुझाव दिया, जिससे जल निकासी की समस्या का समाधान हो सके।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिला स्तरीय निर्यात प्रोत्साहन एवं निवेश संवर्धन से संबंधित बैठकें समय-समय पर अपर कलेक्टर की अध्यक्षता में आयोजित की जाएंगी। साथ ही आवश्यकतानुसार इन बैठकों का आयोजन बानमौर एवं मुरैना में भी किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कलेक्ट्रेट परिसर में जिला निवेश संवर्धन केन्द्र का ‘सिंगल विंडो’ कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां व्यापारी अपनी समस्याएं सीधे प्रस्तुत कर सकेंगे।
-
#JansamparkMP #morena2026] #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh