धर्माबांध में अवैध कोयला खनन का बड़ा खुलासा, प्रशासन और बीसीसीएल पर उठे सवाल
धनबाद:-धर्माबांध ओपी क्षेत्र में एक बार फिर अवैध कोयला खनन का बड़ा मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में लंबे समय से बड़े पैमाने पर अवैध खनन जारी है, लेकिन प्रशासन और संबंधित विभाग इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
मौके से सामने आई तस्वीरों में जमीन को गहराई तक काटकर कोयला निकाले जाने और बड़े स्तर पर उसके भंडारण की पुष्टि होती दिख रही है। पूरा क्षेत्र किसी वैध खनन साइट जैसा नजर आ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, इस अवैध कारोबार को बाहरी सिंडिकेट संचालित कर रहा है। मशीनों की मदद से गांव की जमीनों को खोदकर कोयला निकाला जा रहा है और प्रतिदिन 5 से 6 ट्रकों के जरिए इसे उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल तक भेजा जा रहा है।
पुलिस और एजेंसियों पर सवाल
सबसे गंभीर आरोप यह है कि यह पूरा खेल पुलिस की नजरों के सामने हो रहा है। मधुबन थाना क्षेत्र और धर्माबांध ओपी से होकर कोयले से लदे वाहन गुजरते हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होती।
स्थानीय लोगों ने बीसीसीएल, सीआईएसएफ और वन विभाग पर भी निष्क्रियता का आरोप लगाया है।
हादसों के बाद भी नहीं चेता सिस्टम
टांडाबाड़ी और रामकनाली जैसे क्षेत्रों में हाल के भू-धंसान और हादसों के बावजूद अवैध खनन जारी रहना गंभीर चिंता का विषय बन गया है। जिस ‘हिलटॉप’ इलाके में यह खनन हो रहा है, वहां पहले भी हिंसक झड़पें हो चुकी हैं और अब मशीनों से की जा रही खुदाई किसी बड़े हादसे का संकेत दे रही है।
ग्रामीणों की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर अवैध खनन पर रोक लगाने, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और क्षेत्र में सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले दिनों में एक और बड़ा हादसा हो सकता है।