logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

कतरास में अवैध कोयला खनन पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, SDM के नेतृत्व में कई स्थानों पर छापेमारी


धनबाद:-धनबाद के कतरास क्षेत्र में अवैध कोयला खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन माफियाओं पर शिकंजा कस दिया है। सदर अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे के नेतृत्व में बाघमारा अनुमंडल के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया।

इस संयुक्त कार्रवाई में माइनिंग विभाग, अंचल प्रशासन, बीसीसीएल (कतरास क्षेत्र) के अधिकारी और स्थानीय पुलिस बल शामिल रहे। अभियान के दौरान लकड़का (कतरी नदी किनारे), गजली टांड, रामकनाली स्थित सूर्य मंदिर क्षेत्र और तेतुलमारी के खास सिजुआ सहित आधा दर्जन से अधिक संवेदनशील स्थानों पर छापेमारी की गई।

जब्ती और सख्त निर्देश

कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से निकाले गए कोयले और परिवहन में लगे वाहनों को जब्त करने के आदेश दिए गए। एसडीएम ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी अवैध खनन मुहानों को तत्काल भराई कर बंद कराया जाए। साथ ही, हर कार्रवाई की फोटो और वीडियो रिकॉर्डिंग कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।

लापरवाही पर होगी कार्रवाई

एसडीएम लोकेश बारंगे ने स्पष्ट चेतावनी दी कि कार्रवाई में किसी भी प्रकार की ढिलाई या औपचारिकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि “100 प्रतिशत कार्रवाई सुनिश्चित करें, अन्यथा संबंधित अधिकारियों पर व्यक्तिगत रूप से कार्रवाई की जाएगी।”

अवैध कारोबारियों में मचा हड़कंप

प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई के बाद अवैध खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। लंबे समय से जारी इस अवैध कारोबार पर अब प्रभावी रोक लगाने के संकेत मिल रहे हैं।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि अवैध खनन पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके और क्षेत्र में संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

0
4250 views

Comment