logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

सेमारी में लोक देवता गातोड़जी धाम का 20वां पाटोत्सव एवं 703वीं पीपा जयंती धूमधाम से सम्पन्न

सेमारी कस्बे में स्थित प्रसिद्ध लोक देवता गातोड़ धाम में मंदिर का 20वां पाटोत्सव एवं 703वीं संत पीपा जी महाराज जयंती जन्मोत्सव अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और भक्ति भाव के साथ भव्य रूप से मनाया गया। इस पावन अवसर पर मंदिर पीठाधीश्वर संत पन्नालाल फलाहारी महाराज के सानिध्य में विविध धार्मिक आयोजन संपन्न हुए। कार्यक्रम में सलूम्बर विधायक शांता अमृतलाल मीणा एवं वीरपुरा से मोहन जी शर्मा ने भी शिरकत कर आयोजन की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम की शुरुआत भूपेन्द्र शर्मा के वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-यज्ञ एवं पूर्णाहुति से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आहुति देकर परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके पश्चात मंदिर परिसर में ध्वजारोहण एवं ध्वजा परिवर्तन का विशेष आयोजन हुआ, जिसमें मंदिर के शिखर पर गातोड़जी एवं पीपाजी महाराज की ध्वजा विधि-विधान से बदली गई। यह दृश्य भक्तों के लिए अत्यंत आस्था और उत्साह का केंद्र रहा। पूरे दिन मंदिर परिसर में धार्मिक माहौल बना रहा। पीपा क्षत्रीय दर्जी समाज सहित आसपास के गांवों और दूरदराज गुजरात, मारवाड़, महाराष्ट्र क्षेत्रों से सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु आयोजन में शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने मंदिर में दर्शन कर महाराज जी का आशीर्वाद लिया और भक्ति में लीन दिखाई दिए। मंदिर प्रांगण में दिनभर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती रही। आयोजन के तहत तीन क्विंटल महाप्रसादी का भव्य आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। महाप्रसाद में पेमजी पटेल झाड़ोल की ओर से सवा मण तथा शेष प्रसाद भक्तों के सहयोग से तैयार किया गया। सेवा कार्य में समाज के युवाओं एवं कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिससे आयोजन सुव्यवस्थित एवं सफल रहा। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रात्रिकालीन भजन संध्या रही, जिसमें स्थानीय प्रसिद्ध भजन कलाकारों द्वारा भक्ति रस की सरिता बहाई गई। देर रात तक श्रद्धालु भजनों का आनंद लेते हुए भक्ति में सराबोर रहे। इस भव्य आयोजन ने एक बार फिर सेमारी को धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का केंद्र बना दिया, जहां परंपरा, श्रद्धा और संस्कृति का सुंदर संगम देखने को मिला।

10
1472 views

Comment