logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

पीएनजी पाइपलाइन फिटिंग को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

हाजीपुर/जिला पदाधिकारी वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह (भा.प्र.से.) के निर्देशानुसार 02 अप्रैल 2026 को समाहरणालय परिसर स्थित पुष्करणी सभागार में लोक स्वास्थ्य प्रमंडल, हाजीपुर द्वारा पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) पाइपलाइन फिटिंग एवं उससे संबंधित तकनीकी कार्यों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य जिले में पीएनजी कनेक्शन के विस्तार तथा शहरी अवसंरचना को सुदृढ़ बनाना है, ताकि नागरिकों को सुरक्षित, सुगम और निरंतर गैस आपूर्ति उपलब्ध कराई जा सके। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को पीएनजी पाइपलाइन से जुड़े विभिन्न तकनीकी एवं व्यावहारिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में गैस पाइपलाइन के सुरक्षित इंस्टॉलेशन की प्रक्रिया, घरेलू और वाणिज्यिक कनेक्शन देने की मानक कार्यप्रणाली, पाइपलाइन बिछाने के दौरान अपनाए जाने वाले सुरक्षा मानकों तथा गैस लीकेज की पहचान और उसके त्वरित निवारण के उपायों पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया। इसके अलावा सड़क कटाई और पुनर्स्थापन (रिस्टोरेशन) कार्य को नियमानुसार करने तथा कार्य शुरू करने से पहले संबंधित पोर्टल या एप पर अनिवार्य प्रविष्टि सुनिश्चित करने की जानकारी भी दी गई, जिससे सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बना रहे।

प्रशिक्षण के दौरान कुशल प्लंबिंग कार्य, पाइपलाइन जॉइंटिंग तकनीक, प्रेशर टेस्टिंग, मीटर इंस्टॉलेशन तथा उपभोक्ताओं के परिसर में सुरक्षित कनेक्शन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन भी कराया गया। साथ ही कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने और नियमित मॉनिटरिंग के महत्व पर भी विशेष बल दिया गया।

जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह ने कहा कि पीएनजी कनेक्शन का विस्तार शहरी क्षेत्रों में सुविधा बढ़ाने के साथ-साथ ऊर्जा आपूर्ति व्यवस्था को अधिक विश्वसनीय और सुदृढ़ बनाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि प्रशिक्षित मानव संसाधन का प्रभावी उपयोग करते हुए कार्यों में तेजी लाई जाए तथा सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित किए जाएं।

इस अवसर पर संबंधित विभागों के पदाधिकारी, तकनीकी कर्मी और अन्य हितधारक उपस्थित रहे।

1
110 views

Comment