मोहनगढ़ में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया हनुमान जन्मोत्सव :-
मोहनगढ़(जैसलमेर) - कस्बे में श्री हनुमान जन्मोत्सव का पर्व बड़े ही श्रद्धा, उल्लास और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर हनुमान भक्त मंडली एवं समस्त ग्रामवासियों के संयुक्त तत्वावधान में धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में श्रद्धालुओं द्वारा कस्बे के मुख्य बाजार स्थित हनुमान मंदिर व जवाहर नवोदय विद्यालय के पीछे स्थित हनुमान मंदिर में सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा एवं सुंदरकांड का पाठ किया गया। पूरे वातावरण में भक्ति रस की धारा बहती रही और भक्तजन श्री हनुमान जी के जयकारों के साथ भक्ति में लीन नजर आए। कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में विशेष सजावट की गई, जिससे माहौल और भी भक्तिमय हो गया। पाठ के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। आयोजन में क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। इस मौके पर मोहन खत्री, कन्हैया लाल जोशी, शांतिलाल जैन, देवीलाल, किशन शास्त्री, गोपी किशन, गौरी शंकर जोशी, माधव प्रसाद गोदारा, नवरत्न सोनी, मोहित वासु, गणेश चांडक, मोतीलाल प्रजापत, मुकेश शर्मा सहित अन्य ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता रही। समस्त आयोजन शांतिपूर्ण एवं भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें ग्रामीणों की आस्था और एकजुटता देखने को मिली।