जिलाधिकारी ने सभी आर.आर.सी. सेन्टर का संचालन सुनिश्चित कराने के दिए निर्देश
*कौशाम्बी।* जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने आज उदयन सभागार में जिला स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की बैठक की जिलाधिकारी ने व्यक्तिगत शौचालयों की रेट्रोफिटिंग के लिए किए जा रहें सर्वे की समीक्षा के दौरान कहा कि लक्ष्य के सापेक्ष रेट्रोफिटिंग का कार्य शीघ्र पूर्ण करा लिया जाय। उन्होंने आर.आर.सी. संचालन की समीक्षा के दौरान आर.आर.सी. संचालन की स्थिति ठीक न पाए जाने पर नाराजगी प्रकट करते हुए सभी सहायक विकास अधिकारी (पं0) से कहा कि सभी आर.आर.सी. सेन्टर का संचालन सुनिश्चित किया जाय तथा आगामी बैठक में ग्राम पंचायत से कितना कूड़ा निकला, कितना यूजर चार्ज लिया गया, कितना प्लास्टिक एकत्रित हुआ, प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने कहा कि आर.आर.सी. संचालन के सम्बन्ध में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को सम्पूर्ण कार्यों के लिए प्रशिक्षित किया जाए।
बैठक में बताया गया कि ग्राम पुरखास में निर्मित प्लास्टिक यूनिट में 18.50 कुन्तल एवं ग्राम टेंवा में निर्मित प्लास्टिक यूनिट में 20.70 कुन्तल प्लास्टिक एकत्र किया जा चुका है, जिसमें प्लास्टिक का धुलाई व छटाई का कार्य कराया जा रहा है। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग एवं लोक निर्माण विभाग से समन्वय कर बिक्रय की कार्यवाही प्रचलित है। वर्तमान में अन्य वेण्डरों से प्लास्टिक का बिक्रय करते हुए ओ.आर.एस. जनरेट किया जा रहा है। उन्होने बताया कि गोबरधन योजना के अन्तर्गत ग्राम बिदांव में स्थापित बायो गैस प्लान्ट से उत्पादित गैस से गौ-आश्रय स्थल, पुलिस चौकी एवं पंचायत भवन में विद्युत आपूर्ति की जा रही है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहें।