logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

स्कूल चलो अभियान का भव्य आगाज, जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने नामांकन बढ़ाने पर दिया जोर

शाहजहांपुर।
जनपद में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ‘स्कूल चलो अभियान’ का जनपद स्तरीय शुभारंभ गुरुवार को विकास खंड ददरौल के उच्च प्राथमिक विद्यालय शहबाजनगर में उत्साहपूर्ण माहौल के बीच किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव और जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना कर किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें और एक भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव है और इसके बिना समाज का समुचित विकास संभव नहीं है।

जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जनपद में कोई भी बच्चा स्कूल से बाहर न रहे। विशेष रूप से ईंट-भट्टों पर कार्यरत बच्चों के शत-प्रतिशत नामांकन पर जोर देते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने ग्राम पंचायत स्तर पर प्रतिभाशाली बच्चों का एक समूह तैयार करने की बात कही, जिससे उन्हें सांस्कृतिक, खेलकूद व अन्य गतिविधियों में आगे बढ़ने का अवसर मिल सके। उन्होंने प्रशिक्षित शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दिव्या गुप्ता ने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में शाहजहांपुर लगातार प्रगति कर रहा है। निपुण विद्यालय आकलन में जनपद ने प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है, जबकि इंस्पायर अवार्ड योजना में आवेदन के मामले में जनपद देशभर के ‘सुपर 50’ में शामिल हुआ है। उन्होंने उच्च प्राथमिक विद्यालय शहबाजनगर के छात्रों द्वारा राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन को जनपद के लिए गर्व की बात बताया।

ग्राम प्रधान महेश चंद्र गौतम ने बताया कि शहबाजनगर ग्राम पंचायत में 15 विद्यालय संचालित हैं, जहां शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए खेल मैदान का भी निर्माण कराया गया है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। राज्य स्तर की पीटी प्रतियोगिता में विजयी छात्रों—पवन, राजा, अरुण, विकांशु, विमल, सौरभ, जितिन, अतुल और रोहित—ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसकी जिलाधिकारी ने सराहना की। सभी विजेताओं को सम्मानित कर पुरस्कार व पुस्तकें वितरित की गईं।

इसके अलावा छात्रा साक्षी और क्रांति को राष्ट्रीय आय आधारित योग्यता परीक्षा में सफलता प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। इरम, सोनी, सोनाली, उपासना, मुस्कान, काजल और अन्य छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभाग कर कार्यक्रम को आकर्षक बनाया।

इस मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी सुरेंद्र कुमार मौर्य, जिला समन्वयक सतीश कनौजिया, सोहन शुक्ला, एसआरजी डॉ. अरुण कुमार गुप्ता, कस्तूरबा गांधी विद्यालय की वार्डन मंजू गंगवार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में रविंद्र पाल प्रजापति ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया, जबकि मंच संचालन आदर्श श्रीवास्तव ने किया।

1
77 views

Comment