मध्यप्रदेश के विदिशा जिले की प्रार्थना भोई का राष्ट्रीय सेलिंग कैंप में चयन, स्वर्ण पदक से विदिशा जिले को किया गौरवान्वित ।
जिला खेल परिसर, स्टेडियम विदिशा की प्रतिभावान खिलाड़ी कु. प्रार्थना भोई ने वाटर स्पोर्ट्स (सेलिंग) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। उन्होंने 18 से 21 मार्च 2026 तक गोवा में आयोजित सेलिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
जिला खेल अधिकारी श्री प्रदीप सिंह रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रार्थना भोई वर्तमान में वाटर स्पोर्ट्स अकादमी भोपाल में रहकर प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। उनके निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन आगामी 3 अप्रैल 2026 से गोवा में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय सेलिंग टीम के प्रशिक्षण कैंप के लिए किया गया है।
राष्ट्रीय स्तर के इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने के लिए प्रार्थना भोई गोवा के लिए रवाना हो रही हैं, जहां वे देश के श्रेष्ठ खिलाड़ियों के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करेंगी। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर जिला खेल परिसर, विदिशा के समस्त प्रशिक्षकों एवं खिलाड़ियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP #vidisha