एक साल बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी उत्तम सिंह,जमीन मापी के दौरान 60-70 लोगों के साथ किया था जानलेवा हमला
धनबाद:-धनबाद जिले के कोला कुसमा मझिला डीह (मौजा नंबर 12) क्षेत्र में जमीन मापी के दौरान हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी उत्तम सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले करीब एक वर्ष से फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।
यह घटना 29 मई 2025 की है, जब गोविंदपुर क्षेत्र में जमीन मापी का कार्य चल रहा था। इसी दौरान उत्तम सिंह अपने 60 से 70 समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचा और वहां मौजूद लोगों पर अचानक हमला बोल दिया।
हमले में छोटे जमीन कारोबारी साजन मिर्दा, गवाह अख्तर अंसारी समेत उनके परिवार के कई सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ितों का आरोप है कि हमलावरों ने न केवल घटनास्थल पर मारपीट की, बल्कि घर तक पहुंचकर माता-पिता और अन्य परिजनों के साथ भी बर्बर व्यवहार किया।
घटना के बाद से ही मुख्य आरोपी फरार हो गया था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में छापेमारी कर रही थी, लेकिन वह गिरफ्त से बाहर था।
सरायढेला थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर विशेष अभियान चलाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की जा रही है, जिससे अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी में मदद मिलने की उम्मीद है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी को कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।
यह कार्रवाई लंबे समय से न्याय की उम्मीद लगाए बैठे पीड़ित परिवार के लिए राहत भरी खबर मानी जा रही है।