श्री हनुमान मंदिर गढ़ी सदर मेरठ में मनाया श्री हनुमान जयंती उत्सव
श्री हनुमान मंदिर, गढ़ी, सदर थाने के सामने, सदर, मेरठ कैन्ट में रामायण पाठ की पूर्णाहुति श्रद्धा-भक्ति के साथ सम्पन्न, भक्त भक्ति रस में झूमे
मेरठ - श्री हनुमान मंदिर, गढ़ी, सदर थाने के सामने, सदर, मेरठ कैन्ट में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ 1 अप्रैल से चल रहे रामायण पाठ की पूर्णाहुति सम्पन्न हुई। इस अवसर पर मंदिर परिसर में विधिवत धार्मिक अनुष्ठान, पूजन-अर्चन, श्री हनुमान जी का चोला श्रृंगार तथा 11,000 किलो बूंदी के भोग का आयोजन किया गया। पूरे आयोजन के दौरान भक्तजन भक्ति रस में झूमते नजर आए और मंदिर परिसर जयकारों से गूंज उठा।
इस पावन अवसर पर श्री दिनेश गोयल (संरक्षक), अधिवक्ता गौरव गोयल (प्रबंधक), विष्णु दत्त शास्त्री, कृष्ण गोपाल जोंस, गणेश दत्त शास्त्री, पारस जैन, हर्षित गौर, वंदित, शिवम एवं पुजारी वरुण देव सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा एवं आरती में सहभागिता कर वातावरण को पूर्णतः भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत आज दिनांक 02 अप्रैल 2026 को 11:30 बजे श्री हनुमान जी का चोला श्रृंगार, 12:00 बजे आरती तथा तत्पश्चात 11,000 किलो बूंदी का भोग अर्पित किया गया। साथ ही सायं 6:00 बजे सुंदरकांड पाठ का आयोजन हुआ। इसी क्रम में दिनांक 03 अप्रैल 2026 को प्रातः 11:30 बजे आरती तथा तत्पश्चात भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
मंदिर में की गई नई साज-सज्जा एवं नव-निर्माण कार्य के कारण इसकी भव्यता अत्यंत आकर्षक हो गई है। मंदिर की आभा ऐसी प्रतीत होती है मानो कोई स्वर्णिम दिव्य धाम साकार हो उठा हो। इस संबंध में प्रबंधक अधिवक्ता गौरव गोयल ने बताया कि मंदिर का नव-निर्माण कार्य अभी पूर्ण नहीं हुआ है और कार्य निरंतर प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि मेरठ में इस प्रकार की भव्यता वाला मंदिर विरले ही देखने को मिलता है।
मंदिर समिति की ओर से सभी श्रद्धालुओं, क्षेत्रवासियों एवं धर्मप्रेमी नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर श्री राम जी एवं श्री हनुमान जी का आशीर्वाद प्राप्त करें।