शाहजहांपुर में प्री-पेड मीटरों के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, अधीक्षण अभियंता कार्यालय का घेराव
शाहजहांपुर। जिले में विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली और प्री-पेड स्मार्ट मीटरों की खामियों को लेकर गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष रजनीश गुप्ता के नेतृत्व में कांग्रेसी खिरनीबाग रामलीला मैदान में एकत्र हुए और वहां से पैदल मार्च करते हुए अधीक्षण अभियंता कार्यालय पहुंचकर नारेबाजी की।
कार्यालय पहुंचने पर अधीक्षण अभियंता के अनुपस्थित मिलने से कार्यकर्ताओं में आक्रोश बढ़ गया और उन्होंने वहीं धरना शुरू कर दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि विद्युत उपभोक्ताओं के मीटर बिना पूर्व सूचना के प्री-पेड मोड में बदले जा रहे हैं, जो पूरी तरह जनहित के खिलाफ है। उनका कहना है कि इस व्यवस्था के कारण हजारों परिवारों की बिजली स्वतः कट रही है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि बिल जमा करने के बाद भी घंटों या कई दिनों तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं होती। उन्होंने इसे विभाग के सॉफ्टवेयर और सर्वर सिस्टम की विफलता बताया। साथ ही कहा कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में अप्रत्याशित बढ़ोतरी हो रही है, जिससे मीटरों की सटीकता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
कांग्रेस नेताओं ने विद्युत क्षेत्र के निजीकरण का भी विरोध करते हुए इसे आम जनता और सामाजिक न्याय के खिलाफ बताया। उनका कहना है कि संविदा कर्मचारियों की छंटनी से विद्युत आपूर्ति और रखरखाव की व्यवस्था प्रभावित हुई है।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि प्री-पेड स्मार्ट मीटरों की तकनीकी खामियों को तत्काल दूर किया जाए। जब तक व्यवस्था पूरी तरह सुचारू न हो, तब तक स्वतः बिजली कटौती पर रोक लगाई जाए और उपभोक्ताओं की शिकायतों का पारदर्शी तरीके से निस्तारण किया जाए।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आंदोलन को और उग्र रूप देने के लिए बाध्य होंगे।