जग्गी हत्याकांड में अमित जोगी दोषी करार, हाईकोर्ट ने सरेंडर करने के दिए निर्देश, बोले- मेरे साथ अन्याय हुआ है.
छत्तीसगढ़ के चर्चित राम अवतार जग्गी हत्याकांड में आज बिलासपुर हाईकोर्ट ने अपना फैसला सुना दिया। लंबी सुनवाई के बाद अमित जोगी को दोषी करार देते हुए 3 सप्ताह के अंदर सरेंडर करने के निर्देश दिए हैं। बता दें कि 4 जून 2003 को एनसीपी नेता रामावतार जग्गी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में 31 अभियुक्त बनाए गए थे, जिनमें से बल्टू पाठक और सुरेंद्र सिंह सरकारी गवाह बन गए थे। अमित जोगी को छोड़कर बाकी 28 लोगों को सजा मिली थी। वहीं अब कोर्ट ने अमित जोगी को दोषी करार देते हुए सरेंडर करने को कहा है।
अमित जोगी बोले- मेरे से गंभीर अन्याय
अमित जोगी ने इस फैसले को लेकर सोशल मीडिया के जरिए अपनी बात कही। कहा कि आज उच्च न्यायालय ने मेरे विरुद्ध CBI की अपील को मात्र 40 मिनट में स्वीकार कर लिया - बिना मुझे सुनवाई का एक भी अवसर दिए। मुझे खेद है कि जिस व्यक्ति को अदालत ने दोषमुक्त किया था, उसे बिना सुनवाई का एक भी अवसर दिए दोषी करार दिया गया। ऐसा पहली बार हुआ है। अदालत ने मुझे 3 सप्ताह के अंदर सरेंडर करने का समय दिया है। मुझे लगता है कि मेरे साथ गंभीर अन्याय हुआ है। मुझे पूरा विश्वास है कि सर्वोच्च न्यायालय से मुझे न्याय अवश्य मिलेगा। मैं न्याय व्यवस्था पर पूरा विश्वास रखता हूँ। मैं पूर्ण शांति, आस्था और धैर्य के साथ आगे बढ़ रहा हूँ। सत्य की जीत अवश्य होगी। आप सभी मेरे लिए प्रार्थना जरूर करें।