हाउस टैक्स वृद्धि पर घमासान—संघर्ष समिति ने कैबिनेट मंत्री से की सीधी बातचीत
गाजियाबाद। हाउस टैक्स में प्रस्तावित बढ़ोतरी को लेकर जनाक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में गृह कर पीड़ित संघर्ष समिति, गाजियाबाद के प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सांसद श्री अतुल गर्ग की अनुपस्थिति में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री सुनील शर्मा से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा।
मुलाकात के दौरान समिति ने हाउस टैक्स में की गई बेतहाशा वृद्धि के मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए नगर निगम गाजियाबाद की कार्यप्रणाली पर कड़ा विरोध जताया। प्रतिनिधियों का कहना था कि जनप्रतिनिधियों द्वारा जनता को लगातार आश्वासन तो दिए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया जा रहा, जिससे आम नागरिकों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।
संघर्ष समिति ने स्पष्ट मांग रखी कि नगर निगम और जनप्रतिनिधि इस विषय पर अपना रुख साफ करें कि हाउस टैक्स बढ़ाया जाएगा या नहीं। उन्होंने कहा कि वर्तमान अनिश्चितता की स्थिति जनता को भ्रमित कर रही है, जिसे तत्काल समाप्त किया जाना चाहिए।
कैबिनेट मंत्री श्री सुनील शर्मा ने समिति की सभी बातों को गंभीरता से सुनते हुए भरोसा दिलाया कि इस मुद्दे पर उच्च स्तर पर विचार कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
वहीं, समिति ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही कोई स्पष्ट और जनहितकारी निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और तेज करते हुए व्यापक स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
उक्त कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल जिला अध्यक्ष प्रीतमलाल एवं जिला मीडिया प्रभारी संजय शर्मा, बालकिशन गुप्ता, अजय जैन, विशाल गोस्वामी, अमित गोयल, संजय जैन, पंडित अशोक भारतीय, राकेश गुप्ता, संजय शर्मा महामंत्री, पीयूष कुमार, अनिल जुलिका, यतेंद्र, अखिल भटनागर, अरविंद कुमार दीक्षित अमर सक्सेना, रवि गुप्ता, इसके अतिरिक्त अनेकों व्यापार मंडल सामाजिक संगठन, एन जी ओ, सोशल वर्कर, आदि लोग सम्मिलित हुए।