सोनभद्र: लूट की बड़ी वारदात का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में 2 बदमाश घायल, 5 गिरफ्तार
सोनभद्र जनपद में थाना अनपरा और शक्तिनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने एसओजी के सहयोग से लूट की एक बड़ी घटना का सफल अनावरण किया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो बदमाश घायल हो गए, जबकि कुल पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार 27 मार्च 2026 को भारत फाइनेंस कंपनी के एक कलेक्शन एजेंट से बदमाशों ने ₹63,000 नकद, टैबलेट, बायोमेट्रिक मशीन, मोबाइल फोन और जरूरी दस्तावेज लूट लिए थे। घटना के बाद पीड़ित की तहरीर पर थाना अनपरा में मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अनपरा और शक्तिनगर पुलिस ने एसओजी टीम के साथ मिलकर बदमाशों की तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई, जिसमें दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने मौके से कुल पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटा गया सामान और घटना में प्रयुक्त अन्य सामग्री भी बरामद की है। घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।