मिर्जापुर: प्राइवेट स्कूलों की मनमानी के खिलाफ आज़ाद अधिकार सेना का प्रदर्शन, डीएम को सौंपा ज्ञापन
मिर्जापुर में प्राइवेट स्कूलों में व्याप्त
अराजकता, मनमानी और भ्रष्टाचार के खिलाफ आज़ाद अधिकार सेना के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर अपनी आवाज बुलंद की। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन सौंपते हुए संगठन के पूर्वांचल प्रभारी डॉ. बी. नाथ, मंडल अध्यक्ष तारा शंकर तिवारी, जिलाध्यक्ष दिनेश सिंह यादव (एडवोकेट) तथा महिला जिलाध्यक्ष प्रीति चौहान (एडवोकेट) सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
संगठन ने ज्ञापन के माध्यम से आरोप लगाया कि जनपद के कई प्राइवेट स्कूलों में फीस और अन्य शुल्कों को लेकर मनमानी की जा रही है, जिससे अभिभावकों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। उन्होंने मांग की कि प्राइवेट स्कूलों की कार्यप्रणाली की जांच कर मनमानी पर रोक लगाई जाए।
आज़ाद अधिकार सेना के पदाधिकारियों ने यह भी कहा कि स्कूलों में फीस और अन्य शुल्कों को नियंत्रित किया जाए, शिक्षा की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए और स्कूल संचालकों की जवाबदेही तय की जाए।
संगठन के सदस्यों ने सरकार और प्रशासन से इस गंभीर मुद्दे पर जल्द ठोस कार्रवाई करने की अपील की, ताकि अभिभावकों और छात्रों को राहत मिल सके।